टीकमगढ़ से लगे हुए जनपद छतरपुर जिले की बमनोरा पुलिस थाने के अंतर्गत आने वाली टिकरिया गांव में आपसी विवाद के चलते गुरुवार सुबह दो पक्षों में संघर्ष हो गया। इसमें एक पक्ष द्वारा गोली चलाने से चाचा भतीजे घायल हो गए हैं। चाचा राम सिंह और भतीजे राघवेंद्र को गोली लगी है, जिन्हें पहले सरकारी अस्पताल घुवारा ले जाया गया। यहां से टीकमगढ़ जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। टीकमगढ़ जिला चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार देने के बाद राघवेंद्र की हालत गंभीर होने पर टीकमगढ़ जिला चिकित्सालय के डॉक्टर सिद्धार्थ द्वारा उसे झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
ये भी पढ़ें- JP अस्पताल के बाहर कांग्रेस का प्रदर्शन, बच्चों की मौत पर सरकार को घेरा, मंत्री का मांगा इस्तीफा
घायल चाचा भतीजे के परिजन अशोक ने टीकमगढ़ जिला चिकित्सालय में जानकारी देते हुए बताया कि गुरुवार सुबह जब मेरे चाचा राम सिंह और भाई राघवेंद्र घर के बाहर बैठे थे तभी गांव के चार लोग आए और अचानक उन्होंने गोली चलाना शुरू कर दिया। इसमें चाचा राम सिंह और भाई राघवेंद्र घायल हो गए। उसने बताया कि तुरंत इनको घुवारा अस्पताल लाया गया, जहां से टीकमगढ़ जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया था। उन्होंने बताया कि शाम के समय दोनों पक्षों में गाली गलौज हुआ था इसके बाद मामला शांत हो गया था लेकिन सुबह जैसे ही पप्पू सहित चार लोग आए और अचानक गोली चलाना शुरू कर दिया जिसमें राम सिंह और राघवेंद्र घायल हो गए।
टीकमगढ़ जिला चिकित्सालय में ड्यूटी पर तैनाद डॉक्टर सिद्धार्थ ने बताया कि दोनों घायल छतरपुर जिले की टिकरिया गांव के रहने वाले हैं, जिसमें राघवेंद्र की हालत गंभीर होने पर उसे प्राथमिक उपचार दिया गया और झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है जबकि राम सिंह का इलाज टीकमगढ़ जिला चिकित्सालय में चल रहा है।