फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

टीकमगढ़ में तिहरा हत्याकांड: जमीन विवाद में चले हथियार, तीन भाइयों को उतारा मौत के घाट, परिजनों को भी पीटा

Sun, 30 Nov 2025 07:09 PM IST
टीकमगढ़ ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, टीकमगढ़

टीकमगढ़ जिले के सिमरा गांव में रविवार दोपहर जमीनी विवाद ने भीषण रूप ले लिया, जिसमें तीन सगे भाइयों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतकों में चतुर्भुज लोधी, बलराम लोधी और परमलाल लोधी शामिल हैं। इस हमले में परिवार की तीन महिलाओं मुन्नी देवी, रेखा लोधी, आठ वर्षीय स्नेहा सहित कुल पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को ग्रामीणों की मदद से पहले स्थानीय सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें टीकमगढ़ जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक परिवार और गांव के ही पहलवान लोधी के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। ग्रामीणों ने बताया कि विवादित खेत की जुताई को लेकर कई बार दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बनी थी। रविवार दोपहर पहलवान लोधी अपने साथ 10 से 15 लोगों को लेकर खेत पर जुताई करने पहुंचा। जुताई शुरू होते ही भाइयों ने इसका विरोध किया और दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि बात हाथापाई तक पहुंच गई और अचानक ही कुल्हाड़ियों व डंडों से हमला कर दिया गया।

ये भी पढ़ें- एकसाथ जी ना सके, तो ट्रेन के सामने कूदे नाबालिग प्रेमी युगल, घटना से ठीक पहले पोस्ट की तस्वीर

हमले की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि तीनों भाई गंभीर रूप से घायल होकर खेत में ही गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। महिलाएं जब उन्हें बचाने दौड़ीं, तो उन्हें भी बेरहमी से पीटा गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग खेत की ओर दौड़े और पुलिस को सूचना दी।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मौके का मुआयना करने के बाद जांच टीम ने कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। टीकमगढ़ जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना बेहद गंभीर है और पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पहलवान लोधी सहित सात लोगों को हिरासत में ले लिया है। फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

गांव में तनाव
सिमरा गांव में एक ही परिवार के तीन भाइयों की हत्या से भारी तनाव का माहौल है। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिस ने गांव में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है। ग्रामीणों में भय और आक्रोश दोनों ही देखने को मिल रहा है। लोग इस बात से हैरान हैं कि जमीन के छोटे से विवाद ने इतना बड़ा त्रासदीपूर्ण रूप कैसे ले लिया। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और सभी दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने भी पीड़ित परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि आगे कोई अनहोनी न हो सके।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें