टीकमगढ़ शहर के महेंद्र सागर तालाब पर मंगलवार की सुबह स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े का शुभारंभ किया गया, जिसमें टीकमगढ़ कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोगों ने भागलेकर तालाब के घाटों पर श्रमदान कर सफाई की। यह कार्यक्रम मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार आयोजित किया गया।
टीकमगढ़ कलेक्टर अबधेश शर्मा ने बताया कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले इस सेवा पखवाड़े का उद्देश्य सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी न फैलने की अपील करना और सफाई अभियान चलाना है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने राष्ट्र को स्वतंत्रता दिलाने के साथ-साथ सफाई पर भी जोर दिया था, जिसके तहत यह पखवाड़ा मनाया जा रहा है। कलेक्टर ने टीकमगढ़ जिले के निवासियों से अपील की कि वे इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक भाग लें और सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी न फैलाएं। इस कार्यक्रम में टीकमगढ़ विधानसभा के पूर्व भाजपा विधायक भी शामिल हुए। सफाई कर्मियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने भी इस कार्यक्रम में भाग लिया।
सभी को दिलाई गई शपथ
टीकमगढ़ कलेक्टर अबधेश शर्मा ने कार्यक्रम में उपस्थित स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों को स्वच्छता अभियान की शपथ दिलाई और वादा कराया कि वे आने वाले समय में इस बात का विशेष ध्यान रखेंगे और सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी नहीं फैलाएंगे। शपथ लेने वालों में टीकमगढ़ जिले के जनप्रतिनिधि और आम नागरिक शामिल थे। मीडिया से बात करते हुए टीकमगढ़ के पुलिस अधीक्षक रोहित ने भी जिलेवासियों से अपील की कि वे स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े में शामिल हों और संकल्प लें कि वे आने वाले समय में सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी नहीं फैलाएंगे।