सिंगरौली जिले के देवसर भाजपा विधायक राजेंद्र मेश्राम की शिकायत पर कांग्रेस नेता भास्कर मिश्रा की गिरफ्तारी की गई है। पुलिस ने उन पर एससी-एसटी एक्ट सहित कई धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश कर दिया।
भास्कर मिश्रा तेज़तर्रार कांग्रेस नेता माने जाते हैं। बेरोजगारी, सड़क हादसों और कोल कंपनियों की मनमानी के खिलाफ उन्होंने कई बार आंदोलन खड़े किए। उन पर अब तक 14 प्रकरण दर्ज हो चुके हैं।
ये भी पढ़ें- भयानक मौत: पत्नी और भाई ने मिलकर की हत्या; पत्थर से मारा, रस्सी से गला घोंटा फिर कार से घसीटकर नहर में फेंका
गिरफ्तारी की खबर मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कोतवाली का घेराव कर दिया। उनका आरोप है कि देवसर विधायक और भाजपा सरकार मिलकर विपक्ष की आवाज को कुचलने की कोशिश कर रहे हैं। कांग्रेसियों ने इसे तानाशाही रवैया करार देते हुए कहा कि भाजपा अब विरोध बर्दाश्त करने की स्थिति में नहीं है, इसलिए पुलिस का इस्तेमाल विपक्ष को डराने के लिए किया जा रहा है। दूसरी तरफ भाजपा खेमे का तर्क है कि जब कोई नेता मर्यादा लांघकर अभद्र टिप्पणी करता है, तो उस पर कार्रवाई होना ही चाहिए।
इस पूरे घटनाक्रम में विधायक राजेंद्र मेश्राम ने कहा कि वे मीटिंग में व्यस्त हैं। CSP पुन्नु परस्ते का कहना कि देवसर विधायक राजेन्द्र मेश्राम की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया है।