श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर श्रीकृष्ण मंदिरों पर आस्था का मेला लगा हुआ है और मंदिरों का वैभव अलग ही छटा बिखेर रहा है। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर शाजापुर का एक मंदिर खासी चर्चा में है। दरअसल इस मंदिर पर भारत सहित पांच देशों की मुद्रा से जन्माष्टमी के माैके पर सजावट की गई है। शहर के प्रसिद्ध खजांची मंदिर में कृष्ण जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई जा रही है। यहां मंदिर के गर्भगृह को भारत सहित पांच देशों की मुद्रा से आकर्षक ढंग से सजाया गया है।
शहर के किला रोड क्षेत्र स्थित यह मंदिर राजस्थान स्थित झालरिया मठ डीडवाना के खजांची मंदिर की तर्ज बना है। मंदिर दो साै से अधिक वर्ष प्राचीन है। मंदिर पर की गई देशी-विदेशी नोटों की विशेष सजावट को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंच रहे हैं। मंदिर को सजाने के लिए भारतीय मुद्रा के साथ अमेरिका, भूटान, मालदीव और सऊदी अरब की मुद्रा भी शामिल हैं। जानकारी अनुसार मंदिर को नोटों से सजाने की परंपरा 50 वर्ष से ज्यादा पुरानी है। सजावट के लिए विभिन्न देशों की मुद्रा जुटाने का काम निरंतर चलता रहता है। हर साल इसमें बढ़ोत्तरी भी होती है।
भगवान का किया विशेष शृंगार
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के माैके पर मंदिर के गर्भगृह को देशी विदेशी नोटों से सजाया गया है। वहीं भगवान का भी आकर्षक श्रृंगार किया गया है। भगवान का मनोरम शृंगार देखकर भक्त भी भाव भिभोर हो रहे हैं। यहां सोमवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उपलक्ष्य में सुबह से ही दर्शनार्थियों का तांता लगा हुआ है। इनमें से कई लोग तो सजावट देखकर आश्चर्य में पड़ जाते हैं।