फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shahdol News: धनपुरी में फैला पीलिया, एक महीने में 50 से अधिक मरीज सामने आए, सीएमएचओ ने जांच के लिए बनाई टीम

Fri, 14 Feb 2025 11:39 AM IST
शहडोल ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शहडोल

शहडोल जिले के धनपुरी के सरकारी अस्पताल में पीलिया का कहर जारी है। एक माह में 50 से अधिक मरीज इस बीमारी से अस्पताल में भर्ती हुए हैं, जिससे स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने तीन डॉक्टरों की एक टीम बनाकर मौके पर भेजी है, जो मरीजों की जांच के साथ-साथ आसपास स्थित घरों से पानी के सैंपल भी एकत्र कर रही है। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, अस्पताल में भर्ती मरीजों में  5 से 15 वर्ष के बच्चे शामिल हैं, जिन्हें जॉन्डिस तेजी से फैल रहा है। 

बच्चों पर ज्यादा असर
धनपुरी और बुढार क्षेत्र में तेजी से फैल रहे पीलिया  से सबसे अधिक प्रभावित छोटे बच्चे हैं। लगातार बढ़ते मामलों को देखकर स्वास्थ्य विभाग भी चिंतित है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धनपुरी में अधिकांश छोटे बच्चे जॉन्डिस से ग्रसित होकर भर्ती हो रहे हैं। कोयलांचल क्षेत्र बुढार और धनपुरी में हर दिन पीलिया के मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। दोनों अस्पतालों में लगभग 8-10 मरीज रोजाना जॉन्डिस से ग्रसित होकर आ रहे हैं। सरकारी अस्पताल प्रबंधन अब इन मरीजों को लेकर अलर्ट मोड में है।  

निजी अस्पतालों में भी बढ़ रही भीड़
सरकारी अस्पतालों के साथ-साथ निजी क्लीनिक और अस्पतालों में भी जॉन्डिस के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। प्राइवेट पैथोलॉजी लैब में भी जॉन्डिस की जांच कराने वाले मरीजों की भीड़ देखी जा रही है। हालांकि, निजी अस्पतालों में भर्ती मरीजों की सटीक संख्या स्पष्ट नहीं हो पा रही है।

पानी के सैंपल लिए जा रहे हैं
धनपुरी और बुढार क्षेत्र में पीलिया के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जांच के आदेश दिए हैं। इसके बाद पीएचई विभाग के साथ स्वास्थ्य विभाग की टीम उन क्षेत्रों में पानी के सैंपल इकट्ठा कर रही है, जहां से सबसे ज्यादा मरीज सामने आ रहे हैं। इन सैंपलों की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि पीलिया फैलने का मुख्य कारण क्या है।

स्थानीय लोग दहशत में
धनपुरी की रहने वाली शाहीन ने बताया कि उनके मोहल्ले में लगातार जॉन्डिस के मरीज बढ़ रहे हैं। उनके दो बच्चे धनपुरी अस्पताल में भर्ती हैं। पड़ोस में भी कई बच्चे इस बीमारी से ग्रसित हैं। लगातार फैलते जॉन्डिस से पूरा क्षेत्र दहशत में है। वहीं,  धनपुरी के रहने वाले आनंद विश्वकर्मा ने बताया कि उनके भतीजे को भी पीलिया हो गया है। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे अस्पताल में भर्ती कर लिया है। धनपुरी अस्पताल में पिछले कुछ दिनों से मरीजों की संख्या इतनी बढ़ गई है कि सभी बिस्तर फुल हो गए हैं। गंभीर मरीजों को जिला अस्पताल रेफर किया जा रहा है।

तीन डॉक्टरों की एक टीम बनाई
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश मिश्रा ने बताया कि इस मामले की जांच के लिए तीन डॉक्टरों की एक टीम बनाई गई है। इसमें एक शिशु रोग विशेषज्ञ और दो अन्य डॉक्टर शामिल हैं। ये टीम मौके पर जाकर मरीजों की देखरेख कर रही है और पीएचई विभाग के साथ मिलकर पानी के सैंपल एकत्र कर रही है। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि क्षेत्र में पीलिया फैलने के पीछे मुख्य कारण क्या है, लेकिन जांच के बाद ही सही स्थिति सामने आएगी। फिलहाल भर्ती मरीजों को उचित उपचार दिया जा रहा है, और स्वास्थ्य विभाग ने सख्त निर्देश जारी किए हैं।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें