फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shahdol News: मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप, महिला की स्टील पाइप पिटाई, पुलिस ने दर्ज किया मामला

Fri, 16 Jan 2026 01:56 PM IST
शहडोल ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शहडोल

कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत मतनी टोला चादनी चौक में मामूली बात को लेकर हुआ विवाद गुरुवार को हिंसक रूप में तब्दील हो गया। इस घटना का वीडियो शुक्रवार सुबह सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। वीडियो में महिला के साथ बेरहमी से मारपीट करते हुए साफ देखा जा सकता है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार पीड़िता आशियाना बेगम पति मोहम्मद जब्बार, उम्र 44 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 30 मतनी टोला चादनी चौक थाना कोतवाली ने शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता का आरोप है कि उसकी पड़ोसी वर्षा पांडे एवं उसके पुत्र व पुत्री ने मिलकर उसके साथ मारपीट की। पीड़िता ने बताया कि कुछ दिन पूर्व वर्षा पांडे का कुत्ता उसे काट गया था, जिसकी शिकायत उसने थाने में दर्ज कराई थी। इसी बात को लेकर वर्षा पांडे रंजिश रखने लगी और गुरुवार को विवाद करते हुए अपने बच्चों के साथ मिलकर उस पर हमला कर दिया।

ये भी पढ़ें- हिंदू सम्मेलन में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का बड़ा बयान, आरएसएस को लेकर कही ये बड़ी बात

आशियाना बेगम के अनुसार वर्षा पांडे ने स्टील के पाइप से उस पर हमला किया, जिससे उसके बाएं हाथ की कलाई के ऊपर, बाएं पैर के घुटने में, बाएं हाथ की दो उंगलियों व पंजे तथा दाहिने हाथ की कोहनी में गंभीर चोटें आई हैं। मारपीट के दौरान पीड़िता को जान से मारने की धमकी भी दी गई।

पीड़िता का कहना है कि आरोपिया ने उसे धमकाते हुए कहा कि वह उसके बेटे की हत्या करा देगी। इस धमकी के बाद पीड़िता और उसका परिवार दहशत में है। फिलहाल पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और वायरल वीडियो को साक्ष्य के रूप में जांच में शामिल किया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वही कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामले में शिकायत पर हमने अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें