महिला शिक्षिका और स्कूली बच्चों के बीच लगाव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर सुर्खिया बटोर रहा है। यह वीडियो राजगढ़ ब्लॉक के ग्रामीण क्षेत्र के एक स्कूल का है, जो एक महिला शिक्षिका के तबादले के बाद आयोजित हुए विदाई समारोह का है। वीडियों में महिला शिक्षिका के ट्रांसफर से परेशान स्कूली बच्चे और उनके परिजन रो रहे हैं। इस भावुक पल को देखकर स्कूल के अन्य स्टाफ और महिला शिक्षिका के भी आंसू छलक पड़े।
दरअसल, यह पूरा मामला राजगढ़ ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले पड़िया गांव का है, जहां स्थित माध्यमिक विद्यालय में पदस्थ महिला शिक्षिका वंदना चौहान का प्रमोशन हुआ है और उन्हें अन्य स्कूल में पदस्थ किया गया है। ऐसे में सोमवार को उनके विदाई समारोह का कार्यक्रम स्कूल के अन्य स्टाफ के द्वारा आयोजित किया गया। कार्यक्रम के बाद जैसे ही महिला शिक्षिका का स्कूल से जाने का वक्त करीब आया, स्कूल में मौजूद बच्चे और उनके परिजन अपने आंसुओं को नहीं रोक पाए और रोने लगे। इस भावुक पल को देखकर स्कूल का अन्य स्टाफ भी अपने आंसुओं को नहीं रोक पाया।
जानकारी के मुताबिक राजगढ़ ब्लॉक के पड़िया गांव में स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय में महिला शिक्षिका वंदना चौहान और उनके पति संदीप चौहान लगभग 26 वर्षों से पदस्थ हैं। उनके स्कूल में पढ़कर निकले बच्चें ही अतिथि शिक्षक के रूप में स्कूल में सेवाए भी दे रहे हैं। हाल ही में शिक्षिका वंदना चौहान का प्रमोशन उच्च पद के लिए हुआ है और उनका स्थानांतरण मोहनपुरा डूब क्षेत्र से प्रभावित बच्चों के लिए पाटन रोड पर बनाए गए स्कूल में कर दिया गया।
लंबे समय से एक ही स्कूल में सेवाएं दे रहे शिक्षका के ट्रांसफर की खबर बच्चों और उनके परिजनों को लगी तो सब उदास हो गए थे। सोमवार को जब स्कूल से उनकी विदाई का समय करीब ही आया तो बच्चे और उनके परिजन अपने आंसू नहीं रोक पाए और फूट फुटकर रोने लगे। बच्चो और उनके परिजनों को रोता देखकर महिला शिक्षिका भी अपने आंसुओं को नहीं रोक पाईं। उनके साथ स्कूल का अन्य स्टाफ भी रोने लगा। जिसके वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहे है।