फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Narmadapuram News: जीतू पटवारी का सरकार को अल्टीमेटम, तीन अगस्त तक मूंग खरीदी नहीं तो प्रदेशभर में आंदोलन

Fri, 24 Jul 2026 09:59 PM IST
नर्मदापुरम ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नर्मदापुरम

मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने शुक्रवार को नर्मदापुरम जिले के दौरे में प्रदेश और केंद्र सरकार पर एक साथ तीखा हमला बोला। किसानों की समस्याओं, मूंग खरीदी, शिक्षा व्यवस्था और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को लेकर उन्होंने सरकार को घेरते हुए कई बड़े राजनीतिक बयान दिए। सिवनी मालवा में किसानों की मांगों के समर्थन में आयोजित ट्रैक्टर रैली में शामिल होने के बाद पटवारी इटारसी कृषि उपज मंडी पहुंचे, जहां उन्होंने किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।

मीडिया से बातचीत में जीतू पटवारी ने प्रदेश सरकार को सीधा अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि तीन अगस्त तक किसानों की 100 प्रतिशत मूंग खरीदी का निर्णय नहीं लिया गया तो कांग्रेस पूरे मध्यप्रदेश में आंदोलन शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि जिन-जिन इलाकों में मूंग की खेती होती है, वहां कांग्रेस कार्यकर्ता किसानों के साथ सड़क पर उतरेंगे और सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे। पटवारी ने आरोप लगाया कि सरकार किसानों की उपज खरीदने में गंभीरता नहीं दिखा रही है, जिससे हजारों किसान आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें- Indore: इंदौर का डबलडेकर ब्रिज बना पिकनिक स्पाॅट, लोग रुककर बना रहे रील, ले रहे सेल्फी

दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई का जिक्र करते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने केंद्र सरकार पर भी हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि प्रदर्शन के दौरान कई छात्र घायल हुए और कुछ की जान भी चली गई। पटवारी ने कहा कि पूरे देश में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठ रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि देश के भविष्य का विषय है और इसे राजनीति से ऊपर रखकर देखा जाना चाहिए। उन्होंने शिक्षा के अधिकार और शिक्षा की गारंटी को लेकर उठ रही मांगों का समर्थन भी किया।

प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए जीतू पटवारी ने कहा कि सरकार का कोई भी मंत्री आरोपों से अछूता नहीं है। उन्होंने सरकार को अलीबाबा चालीस चोर की सरकार बताते हुए कहा कि यदि कोई मंत्री खुद को ईमानदार मानता है तो उसे जनता के सामने आकर जवाब देना चाहिए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है और आम जनता इससे परेशान है।

पटवारी ने राम मंदिर के चढ़ावे को लेकर भी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि देश की आस्था से जुड़े मामलों में भी भ्रष्टाचार के आरोप सामने आ रहे हैं, जो बेहद चिंताजनक है। दौरे के दौरान जीतू पटवारी ने इटारसी कृषि उपज मंडी में किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस किसानों के हितों के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी। दौरे के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और किसान मौजूद रहे।
 

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें