फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Morena News: मुरैना में छात्रों के दो गुटों में सड़क पर मारपीट, लात-घूंसे चलने का वीडियो वायरल

Fri, 10 Jul 2026 04:43 PM IST
मुरैना ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुरैना

मुरैना शहर के जीवाजीगंज क्षेत्र में शुक्रवार को छात्रों के दो गुटों के बीच हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।बीच सड़क पर हुई इस घटना से इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए और एक गुट ने दूसरे गुट के छात्रों को सड़क पर गिराकर लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया।

घटना के दौरान सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। राहगीरों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, जबकि कई लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। यही वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कुछ ही मिनटों में मामूली कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई। हालांकि, यह विवाद किन कारणों से शुरू हुआ, इसकी अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस भी फिलहाल विवाद की असली वजह का पता लगाने में जुटी हुई है।

ये भी पढ़ें- बंदूक वाले इंजीनियर की छुट्टी, सस्पेंड होते ही खोली विभाग की 'कमीशन कुंडली', मचा हड़कंप

मारपीट की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने से पहले ही कई छात्र मौके से निकल गए, जबकि कुछ छात्रों को पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया। पुलिस वायरल वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो की जांच की जा रही है। इसमें शामिल छात्रों की पहचान की जा रही है और जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि किसी पक्ष की ओर से शिकायत दर्ज कराई जाती है या जांच में कोई आपराधिक कृत्य सामने आता है, तो संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।

शहर के बीचों-बीच दिनदहाड़े हुई इस घटना ने कानून-व्यवस्था और छात्रों के बीच बढ़ती आक्रामकता को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की घटनाएं आम लोगों में असुरक्षा की भावना पैदा करती हैं। लोगों ने मांग की है कि ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें