मंडला जिले में पिछले 24 घंटे से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते नर्मदा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। नर्मदा खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण तट किनारे बने मंदिर और घाट जलमग्न हो गए हैं। वहीं मंडला शहर का छोटा रपटा पुल पूरी तरह डूब गया है और पानी अब पुल के ऊपर से बह रहा है।
नर्मदा में तेज बहाव और लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने नदी किनारे सुरक्षा बढ़ा दी है। माहिष्मती घाट, सहस्रधारा समेत प्रमुख नर्मदा घाटों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। लोगों को नदी के पास जाने, नहाने और जलमग्न पुल-पुलियों को पार करने से सख्ती से रोका जा रहा है।
5-6 छोटे पुल और रपटे जलमग्न
लगातार बारिश के चलते जिले के करीब 5-6 छोटे पुल और रपटे जलमग्न होने की सूचना है। प्रशासन की मदद से इन स्थानों पर बैरिकेडिंग कर रास्ते बंद किए गए हैं। साथ ही चौकीदारों की तैनाती की गई है और पुलिस एवं होमगार्ड की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं।
ये भी पढ़ें- एमपी में मानसून सक्रिय फिर भी बारिश का कोटा अधूरा, 20% कमी, 3 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
होमगार्ड और SDRF की टीमें तैनात
जिला होमगार्ड कमांडेंट नरेश साहू ने बताया कि लगातार बारिश के कारण नर्मदा का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। छोटे रपटा पुल के पूरी तरह डूब जाने के बाद मौके पर होमगार्ड और SDRF की टीमों को 24 घंटे निगरानी के लिए तैनात किया गया है। आसपास के जलभराव वाले क्षेत्रों में भी जवानों को तैनात किया गया है। किसी भी आपात स्थिति की सूचना मिलने पर टीम तत्काल मौके पर रवाना होगी।
पुल-पुलियों को पार नहीं करने की अपील
SDOP पीयूष मिश्रा ने बताया कि मंडला और डिंडोरी जिले में लगातार तेज बारिश के चलते नदी के जलस्तर में तेजी से वृद्धि हुई है। कुछ समय पहले छोटा पुल पानी के नीचे था, लेकिन अब पानी पुल के ऊपर से बह रहा है। इससे स्पष्ट है कि नदी अभी भी उफान पर है और जलस्तर और बढ़ने की संभावना है।
पुलिस ने कंट्रोल रूम के माध्यम से सभी थाना क्षेत्रों को अलर्ट किया है। बाढ़ प्रभावित पुल-पुलियों की लगातार निगरानी की जा रही है और जरूरत के अनुसार ग्रामीणों की मदद से रास्ते बंद कराए जा रहे हैं। पुलिस बल को भी संवेदनशील स्थानों पर तैनात किया गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नर्मदा नदी और अन्य उफनती नदियों के किनारे न जाएं। जलमग्न पुल-पुलियों को पार करने की कोशिश न करें और प्रशासन द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स का पालन करें।