मध्य प्रदेश के मंडला जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। नैनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम लकमा डुंगरिया में शराब के नशे में हुए पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि कहासुनी के दौरान बेटे ने अपने ही पिता पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शराब के नशे में हुआ विवाद, बेटे ने कर दिया हमला
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान सुरेश परते के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह शराब पीने का आदी था और नशे की हालत में अक्सर घर में विवाद करता था। सोमवार को भी शराब के नशे में सुरेश परते और उसके बेटे सुनील परते के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर सुनील परते ने अपने पिता पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में सुरेश परते की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद गांव में मचा हड़कंप
घटना की जानकारी मिलते ही नैनपुर थाना पुलिस और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, साक्ष्य जुटाए और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप और दहशत का माहौल है।
ये भी पढ़ें_ मां बगलामुखी मंदिर में दान संग्रह पर उठे सवाल, निजी समिति की जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित
आरोपी पुत्र गिरफ्तार, जांच जारी
पुलिस ने आरोपी पुत्र सुनील परते को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह शराब के नशे में हुआ पारिवारिक विवाद सामने आया है। हालांकि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। यह पूरी घटना मंडला जिले के नैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लकमा डुंगरिया की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।