फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Maihar News: मैहर में प्रदर्शन के दौरान आग लगने का मामला, चार नामजद सहित 10 अन्य पर FIR दर्ज

Fri, 20 Feb 2026 10:31 PM IST
मैहर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मैहर

मैहर शहर में विरोध प्रदर्शन के दौरान आग लग जाने की घटना ने गंभीर रूप ले लिया है। प्रदर्शन के दौरान पुतला दहन करते समय आग बेकाबू हो गई, जिसकी चपेट में आकर यातायात प्रभारी झुलस गए। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि प्रदर्शन के दौरान पुतले को जलाने के लिए पेट्रोल और अन्य ज्वलनशील पदार्थ का उपयोग किया गया था। आरोप है कि अत्यधिक मात्रा में ज्वलनशील पदार्थ डाले जाने से आग अचानक तेज भड़क उठी। इसी दौरान ड्यूटी पर मौजूद यातायात प्रभारी आग की चपेट में आ गए और उनकी वर्दी में आग लग गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाई गई तथा उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

ये भी पढ़ें- मैहर में पुतला दहन के दौरान बड़ा हादसा, कांग्रेस के प्रदर्शन में यातायात प्रभारी झुलसे

कोतवाली थाने में दर्ज हुआ मामला
पूरा मामला मैहर कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने घटना को गंभीर लापरवाही और कानून व्यवस्था से जुड़ा मामला मानते हुए चार लोगों को नामजद आरोपी बनाया है, जबकि 10 अन्य अज्ञात व्यक्तियों को भी आरोपी के रूप में शामिल किया गया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 191(2) और 125 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

पुलिस की जांच जारी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। वीडियो फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। यह जांच की जा रही है कि ज्वलनशील पदार्थ कौन लाया, किसके निर्देश पर उसका उपयोग हुआ और सुरक्षा इंतजामों में कहां चूक हुई।

राजनीतिक माहौल गरमाया
घटना के बाद शहर में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। प्रदर्शन करने वाले पक्ष और प्रशासन के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून को हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है और दोषियों की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी में जुटी हुई है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें