खरगोन जिले की मंडलेश्वर थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए पशु आहार के कट्टों के नीचे छुपाकर ले जाई जा रही भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर ट्रक सहित कुल करीब 41 लाख 70 हजार 600 रुपये का मशरूका जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक खरगोन रविन्द्र वर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) शकुंतला रुहल के मार्गदर्शन में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री व परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना मंडलेश्वर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक गुजरात पासिंग टाटा ट्रक में पशु आहार के कट्टों के नीचे अवैध शराब की पेटियां छुपाकर मंडलेश्वर-धामनोद मार्ग से तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मंडलेश्वर उप निरीक्षक दीपक यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर गांधीनगर क्षेत्र में नाकाबंदी की गई। कुछ समय बाद मुखबिर द्वारा बताए गए अनुसार ट्रक को घेराबंदी कर रोका गया। जांच के दौरान ट्रक में भरे पशु आहार के करीब 200 कट्टों को हटाने पर उनके नीचे बड़ी मात्रा में शराब की पेटियां मिलीं।
ये भी पढ़ें- तानसेन समारोह: उस्ताद अमजद अली खान का छलका दर्द, बोले- अच्छा या बुरा.. ग्वालियर का हूं, 12 साल बाद मौका दिया
राजस्थान का युवक ले जा रहा था ट्रक
ट्रक चालक ने अपना नाम दलपत पिता नाथूसिंह राणावत (29) निवासी बडारखेडा, तहसील बंगु, जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) बताया। शराब के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगने पर वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 485 पेटियों में कुल 4,365 लीटर अवैध शराब कीमत लगभग 21.12 लाख रुपये, गुजरात पासिंग टाटा ट्रक कीमत लगभग 20 लाख रुपये एवं पशु आहार के कट्टे जब्त किए। मामले में थाना मंडलेश्वर में बकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है। इस कार्रवाई में एसडीओपी मंडलेश्वर श्वेता शुक्ला के मार्गदर्शन में थाना मंडलेश्वर पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।