फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

MP: गहरे पानी में लोगों को बैठाकर हिचकोले खाती नाव का वीडियो वायरल, DM बोले, नाविक पर होगी कार्रवाई

Tue, 18 Feb 2025 06:21 PM IST
खंडवा ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, खंडवा

खंडवा जिले की धार्मिक तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर का एक डराने वाला वीडियो अचानक सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें एक नाव में सवार होकर बड़ी संख्या में पर्यटक नर्मदा नदी में नौका विहार करने निकलते हैं, लेकिन वह नाव बीच नदी में जाकर खतरनाक तरीके से डोलती है। हालांकि गनीमत रहती है कि नाविक जल्द ही गहरे पानी में हिचकोले खाती हुई उस नाव पर अपना संतुलन बना लेता है, लेकिन इस वीडियो के सामने आने के बाद इसे देखने वालों की भी रूह कांप जाती है और उनका कलेजा हलक को आ जाता है।

बताया जा रहा है कि यह वायरल वीडियो 14 जनवरी मकर संक्रांति के दिन का है, जो किसी दूसरी नाव पर सवार व्यक्ति ने बनाया था और अब जाकर यह वायरल हुआ है। इधर जिला प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार उस नाव पर कार्रवाई करते हुए उसकी नाव जब्त कर ली गई है। साथ ही जिला प्रशासन ने उस नाविक पर भी कड़ी कार्रवाई करने की बात कही है। वहीं दूसरे नाविकों के लिए भी लोगों की जान से जुड़ी सुरक्षात्मक गाइड लाइन जारी की गई है।

कलेक्टर बोले, वीडियो है डराने वाला
वहीं वायरल वीडियो सामने आने के बाद जिला कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने प्रतिक्रिया देते हुए बताया कि, यह वीडियो बहुत ही डराने वाला है। हालांकि इस वीडियो में दिखी अच्छी बात यह है कि बोट में बैठे सभी लोग लाइफ जैकेट पहने हुए हैं, लेकिन किसी बोट में बैठने की जो निर्धारित लोगों की संख्या होती है, उससे कहीं अधिक इस बोट में लोगों को बिठाया गया था। जिसको लेकर वहां के एसडीएम को उस नाव चला रहे व्यक्ति के विरुद्ध कार्रवाई करने को कहा गया है। इस मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसमें न केवल बोट का पंजीयन निरस्त किया जाएगा, बल्कि यह मामला लोगों की जान को जोखिम में डालने से जुड़ा है। जिसके चलते उस व्यक्ति पर कानून की सुसंगत धाराओं में मामला भी दर्ज कराया जाएगा।

की जाएगी दंडात्मक कार्रवाई
इसके साथ ही जिला कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने मीडिया के माध्यम से सभी नविकों से अपील भी की है कि, जिस नाविक के नाम का लाइसेंस बना है, उसके अलावा कोई दूसरा व्यक्ति उस नाव को ना चलाए। इसके साथ ही नाव की जितनी निर्धारित संख्या लोगों को बैठाने की है, उससे अधिक लोगों को उसमें ना बैठाया जाए। इसके साथ ही नाव में जितने लोग बैठ पाएंगे, उन सभी के द्वारा लाइफ जैकेट पहने होना चाहिए। वहीं उन्होंने चेताया भी की इनमें से किसी भी नियम का उल्लंघन करते पाए जाने पर, उस व्यक्ति के खिलाफ न केवल पंजीयन निरस्त करने की कार्रवाई, जिला प्रशासन के द्वारा की जाएगी। जिस नाव का वीडियो वायरल हुआ है उसके नाविक पर भी कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें