मध्य प्रदेश के खंडवा जिले की धार्मिक तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर में शनिवार को दर्दनाक हादसा सामने आया। यहां नर्मदा नदी में स्नान के दौरान हुए हादसे में तीन युवक डूब गए। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद गोताखोर एवं होमगार्ड जवानों ने तुरंत ही रेस्क्यू कर दो युवकों को बचा लिया। हालांकि इस घटना में एक युवक की मौत हो गई।
ये भी पढ़ें-अवैध हथियारों की तस्करी में पकड़े गए दो तस्कर थाने से फरार, तलाश में जुटी पुलिस
तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर के ब्रह्म घाट में शनिवार को हुए एक दर्दनाक हादसे में उत्तर प्रदेश के कानपुर निवासी एक युवक की मौत हो गई। बता दें कि, कानपुर से तीर्थ नगरी आया 20 लोगों का एक दल परिवार सहित ब्रह्मपुरी घाट पर नर्मदा स्नान करने पहुंचा था। इस दौरान स्नान करते समय गहरे पानी मे जाने के चलते तीन युवक डूबने लगे। हालांकि घाट पर मौजूद होमगार्ड के सैनिकों ने तत्परता दिखाते हुए रेस्क्यू कर दो लोगों को बचा लिया, लेकिन कानपुर निवासी कृष्णा साहू पिता संतोष साहू (21) गहरे पानी में जाकर डूब गया। गहरे पानी में डूबे कृष्णा को देर शाम तक भी गोताखोर तलाशते रहे। अब तक भी उसका शव बरामद नहीं हो सका है। इस घटना के बाद से एक बार फिर से तीर्थ नगरी आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं।
ये भी पढ़ें-बिजली पोल पर काम कर रहे आउटसोर्स कर्मचारी की करंट लगने से मौत, परिजन ने शव रखकर किया हंगामा
बता दें कि, यहां आए दिन स्नान के दौरान घाटों पर डूबने से मौत होने के मामले बढ़ते जा रहे हैं। इसको लेकर ओंकारेश्वर नाविक संघ के सचिव अरुण वर्मा ने भी आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि ओंकारेश्वर के प्रत्येक घाटों पर ओंकारेश्वर बांध डैम से पानी का वाटर लेवल सामान्य ना होने के कारण इस तरह की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। यहां डूबने की घटनाएं प्रत्येक घाटों पर होती हैं। वह तो गनीमत रही कि घाट पर सैनिक एसडीआरएफ का जवान व नाविक और गोताखोरों मौजूद थे। जिनकी मदद से दो लोगों को बचा लिया गया। लेकिन कृष्णा साहू नर्मदा नदी की गहराइयों में डूब गया।