मध्यप्रदेश के खंडवा नगर में जारी जलसंकट के बीच एक बार फिर से नर्मदा जल सप्लाई की पाइपलाइन फूट गई है। यहां जल संकट को लेकर पिछले एक माह से विपक्ष के नेताओं और आम जनता का लगातार विरोध प्रदर्शन, चक्काजाम और उसके बाद FIR तक देखने की मिली थी। इसी बीच गुरुवार को पेयजल सप्लाई की पाइपलाइन चारखेड़ा फिल्टर प्लांट के पास से फिर से फूट गई। बता दें कि, यह पाइप लाइन अब तक करीब 390 से अधिक बार फूट चुकी है। इसके बाद अब स्थानीय निगम के साथ ही करोड़ों रुपये मेंटनेंस के नाम पर ले रही विश्वा कम्पनी की कार्यप्रणाली पर भी फिर से सवाल खड़े किए जा रहे हैं।
ये भी पढ़ें- मध्य प्रदेश में टाइगरों का 'स्कूल', जंगल में संघर्ष करने के साथ सिखा रहे शिकार के तरीके
खंडवा में नर्मदा जल की पाइप लाइन चारखेड़ा फिल्टर प्लांट के पास से फूटी है। इस भीषण गर्मी में पाइप लाइन के फूटने से शहर में पहले से व्याप्त जल संकट के और भी गहराने की आशंका बढ़ गई है। करीब 120 करोड़ रुपए की लागत से साल 2009 में शुरू हुई यह नर्मदा जल योजना की लाइन अब तक करीब 390 से अधिक बार फूट चुकी है। इसके मेंटेनेंस पर ही करीब 500 करोड़ रुपए खर्च किये जा चुके हैं। इसके चलते इस योजना में घटिया क्वालिटी की पाइप लाइन बिछाए जाने के आरोप भी लगते रहते हैं।
ये भी पढ़ें- गुना के कृषि एवं किसान कल्याण विभाग में करोड़ों का भ्रष्टाचार, पूर्व विधायक सलूजा ने सौंपे दस्तावेज
इधर निगम के नेता प्रतिपक्ष दीपक राठौर ने भी फिर से इस पाइप लाइन में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। उनका कहना था कि लाइन फूटने पर वर्तमान कलेक्टर ने भी उन्हें मैनेजमेंट कंपनी पर एफआईआर दर्ज करने का आश्वासन दिया था। बीते दिनों जब उन्होंने इसकी मांग की तो उन पर ही मामला दर्ज करा दिया गया। जो कि पानी मांगने पर एफआईआर होने का देश का पहला मामला था। और अब तो यह लाइन इतनी बार फूट चुकी है कि इसके रिपेयर होने के चांस भी कम हो गए हैं। वहीं बार-बार लाइन फूटने के बाद अब लोगों मे विश्वा कंपनी को लेकर भी जमकर आक्रोश पनप रहा है। एक पखवाड़े में चौथी बार लाइन फूटना इसका मैनेजमेंट करने वाली विश्वा कंपनी की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर रहा है।