मध्य प्रदेश में मोहन सरकार के दो साल पूरे होने पर सरकार के प्रत्येक मंत्री सरकार की उपलब्धियां गिनाने अपने-अपने प्रभार वाले क्षेत्र में पहुंचे। इस दौरान प्रदेश के पर्यटन और धर्मस्य मंत्री धर्मेंद्र लोधी भी खंडवा पहुंचे। उन्होंने यहां एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में सरकार की उपलब्धियां बताते हुए कहा कि सरकार ने पर्यटन और धर्म के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि ओंकारेश्वर लोक हो या हेलीकॉप्टर सुविधा इस तरह की अनेक योजनाएं मोहन सरकार ने शुरू की हैं। पर्यटन के क्षेत्र में भी सरकार ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया है। इसके चलते अब ओंकारेश्वर में भी वन्य अभयारण्य बनने वाला है। सरकार की उपलब्धियां गिनाने के बाद उन्होंने कांग्रेस को देशद्रोही पार्टी बताते हुए कहा कि आने वाले समय मे कांग्रेस का नाम लेने वाला कोई नहीं बचेगा।
ये भी पढ़ें- सीएम ने दिल्ली में अमित शाह से की मुलाकात, सरकार के दो साल के कामकाज का दिया ब्योरा
वंदे मातरम नहीं गाने पर कांग्रेस को बताया देशद्रोही पार्टी
इतना ही नहीं कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद के वंदे मातरम नहीं गाने वाले बयान पर भी धर्मेंद्र लोधी ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस एक देशद्रोही पार्टी है। वंदे मातरम जो एक समय आजादी का मूल मंत्र था। हमारे अमर शहीद वंदे मातरम कहते हुए फांसी के फंदे पर झूल गए। ऐसे वंदे मातरम का विरोध कांग्रेस के लोग कर रहे हैं। तो मुझे तो यही लगता है कि विनाश काले विपरीत बुद्धि। आने वाले समय में इनका नाम लेने वाला कोई नहीं बचेगा। कभी ये राम मंदिर का विरोध करते हैं। कभी वंदे मातरम का विरोध करते हैं। जितने भी अच्छे काम हैं, उसका यह विरोध करने का काम करते हैं। जनता इनको लगातार सबक सिखा रही है और आने वाले समय में और सबक सिखाएगी।
मंत्री ने लव जिहाद के मामलों पर भी चेताया
वहीं प्रदेश में आए दिन बढ़ रहे लव जिहाद के मामलों को लेकर मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि इस पर हमारी ही भाजपा सरकार ने कानून बनाया हुआ है, और जो इस तरह के मामले सामने आ रहे हैं, उनमें हमारी पार्टी की सरकार कड़ी से कड़ी कार्रवाई कर रही है। इसके साथ ही उन्होंने चेताया कि ऐसे लोगों को बख्शा नहीं जाएगा, जो कि लव जिहाद का काम करते हैं।