मध्यप्रदेश के खरगोन नगर में शनिवार को एसडीएम द्वारा शहर के निजी प्रतिष्ठानों और खाद बीज भंडारों का ओचक निरीक्षण कर बीज और खाद के विक्रेताओं की बैठक ली गई। इस निरीक्षण के दौरान व्यापारियों के यहां मौजूद उर्वरक के स्टॉक का सत्यापन भी जिला प्रशासन के अमले ने किया। बताया जा रहा है कि किसानों को सुगमता से खाद व बीज उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। इसको लेकर कलेक्टर कर्मवीर शर्मा के निर्देश पर किसानों को समस्या ना हो इस तरह की व्यवस्थाएं जिले में लगातार की जा रही हैं।
खरगोन के जिला कलेक्टर शर्मा से मिले निर्देशों के बाद खरगोन शहर के निजी खाद बीज भंडारों का तहसीलदार महेंद्र सिंह दांगी सहित कृषि विभाग के अफसर लगातार निरीक्षण कर रहे हैंं। इसको लेकर अधिकारियों ने बताया कि जिले में पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध हैं, और कहीं पर भी इसकी कोई कमी नहीं है। हालांकि इस दौरान किसानों को डीएपी के स्थान पर एनपीके उर्वरक का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
इस मामले में खरगोन एसडीम बीएस कलेश ने बताया कि जिला कलेक्टर से मिले निर्देशों के बाद हमने जिले के खाद व्यापारियों की दुकानों का और उनके वेयरहाउस का औचक निरीक्षण किया था। इसके साथ ही हमने खाद व्यापारियों की अभी बैठक भी जिला कलेक्टर कार्यालय में ली थी, जिसमें हमने उनको यही निर्देश दिए हैं कि अभी किसानों की रबी सीजन की बोवनी का समय चल रहा है, और ऐसे में किसानों को खाद की काफी आवश्यकता अभी पड़ेगी। तो ऐसे में जिले में खाद की कोई कमी ना रहे, इस बात का ध्यान रखा जाए, और इसी को लेकर हमने निरीक्षण भी किया था । वहीं उन्होंने बताया कि, इस निरीक्षण के दौरान फिलहाल किसी तरह की कोई समस्या या शिकायत सामने नहीं पाई गई है।