कटनी जिले में अवैध शराब बिक्री और संग्रहण पर कार्रवाई करने पहुंची आबकारी विभाग की टीम पर हमला करने का मामला सामने आया है। कार्रवाई के दौरान अज्ञात महिलाओं और पुरुषों ने विभाग की तीन गाड़ियों पर पथराव करते हुए क्षतिग्रस्त कर दिया है। घटना बीती रात की बताई गई, जिसके बाद से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद आबकारी अमले ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। आबकारी अधिकारी के बताया कि आबकारी अधिकारी के निर्देशन पर विभाग की 10 सदस्यीय टीम अवैध शराब बिक्री और संग्रहण के खिलाफ कार्रवाई करने माधवनगर थाना क्षेत्र के बंगला लाइन में दबिश दी थी। इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने अचानक टीम को निशाना बनाते हुए पथराव शुरू कर दिया। हमले में विभाग की तीन सरकारी गाड़ियों को नुकसान पहुंचा है। गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि कर्मचारियों में दहशत का माहौल बन गया था।
ये भी पढ़ें- धार भोजशाला विवाद: 'भाईचारा कायम रहे और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों पर हो पूरी कार्रवाई', शहर काजी सादिक बोले
वहीं घटना की सूचना मिलते ही माधवनगर पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए तत्काल आबकारी उप निरीक्षक केशव प्रसाद उइके की शिकायत पर आरोपी आकाश वंशकार, साहिल वंशकार समेत अन्य के विरुद्ध माधवनगर थाने में बीएनएस की धारा 125, 132, 191(2), 324(4) के तहत FIR दर्जकर आरोपियों की तलाश शुरूकर दी। माधवनगर टीआई संजय दुबे ने बताया कि आबकारी अमले पर पथराव करने वालों के विरुद्ध पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा, शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने समेत अन्य धाराओं में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की है। आस-पास के इलाकों में आरोपियों की तलाश शुरू करते हुए वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले जा रहे हैं। हमलावरों की पहचान के लिए विशेष टीम गठित की गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।