कटनी जिला प्रशासन मध्यप्रदेश में 5वीं और 8वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं को लेकर पूरी तरह तैयार है। जिला समन्वय अधिकारी कृष्ण कुमार डेहरिया ने जानकारी दी कि जिले के 6 विकासखंडों में कुल 45,182 छात्र-छात्राएं परीक्षाओं में शामिल होंगे।
इन परीक्षाओं के सुचारू संचालन के लिए जिला शिक्षा अधिकारी ने 51 जन शिक्षक केंद्रों में कुल 225 परीक्षा केंद्र बनाए हैं। इनमें 5वीं कक्षा के 21,704 और 8वीं कक्षा के 23,487 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। कलेक्टर दिलीप कुमार यादव के निर्देशन में स्कूलों में बने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण भी शुरू कर दिया गया है।
परीक्षा कार्यक्रम
5वीं कक्षा की परीक्षाएं: 24 फरवरी से 1 मार्च तक
8वीं कक्षा की परीक्षाएं: 24 फरवरी से 5 मार्च तक
गोपनीय परीक्षा सामग्री का वितरण 20 फरवरी से किया जाएगा। परीक्षा की पारदर्शिता और सुचारू संचालन के लिए 225 केंद्र प्रभारियों और सहायक प्रभारियों की नियुक्ति की गई है।
आगामी परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर क्षेत्र में ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण लगाने का अनुरोध किया है, ताकि छात्रों को पढ़ाई के लिए अनुकूल वातावरण मिल सके। अधिकारियों को उम्मीद है कि इस बार कटनी जिले के छात्र-छात्राएं शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करेंगे।