मोबाइल की लत के कारण एक किशोरी द्वारा आत्महत्या करने का मामला प्रकाश में आया है। किशोरी के छोटे भाई ने उससे मोबाइल ले लिया था। जिससे नाराज होकर किशोरी कमरे में गई और फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मर्ग कायम कर प्रकरण को विवेचना में लिया है।
ये भी पढ़ें- 'मेरा भोला है भंडारी...' सिंगर को धमकाने वाले उज्जैन के युवक पर FIR, परिवार से नजदीकी बढ़ाकर रची साजिश
तिलवारा थाना प्रभारी बृजेश मिश्रा से प्राप्त जानकारी के अनुसार मूलत: सिवनी निवासी जगदीश झारिया अपने परिवार के साथ लम्हेटी स्थित फार्म हाउस में पत्नी के साथ मजदूरी का कार्य करता था। दोनों अपनी 15 वर्षीय बेटी तथा 12 वर्षीय बेटे के साथ फार्म हाउस में रहते थे। बेटी ज्योति रविवार की दोपहर को घर में मोबाइल देख रही थी। इस दौरान उसका छोटा भाई रितिक आया और मोबाइल मांगने लगा। ज्योति ने मोबाइल देने से इंकार किया तो दोनो में विवाद हो गया। छोटे भाई ने जबरदस्ती उससे मोबाइल ले लिया और देखने लगा।
ये भी पढ़ें- डॉक्टरों तक दवा पहुंचाने वाला फार्मा कंपनी का MR गिरफ्तार, SIT करेगी कमीशन नेटवर्क की जांच
बड़ी बहन नाराज होकर दूसरे कमरे में चली गई और दरवाजा बंद का दिया। बहुत देर तक बहन बाहर नहीं आई तो रितिक दरवाजा खटखटाने लगा। इसके बावजूद भी दरवाजा नहीं खुलने पर वह जोर-जोर से धक्का देने लगा। धक्का देने से दरवाजा खुल गया और छोटे भाई ने देखा कि उसकी बहन फांसी के फंदे से झूल रही है। इसके बाद छोटे भाई ने घटना के संबंध में फार्म में कार्य कर रहे अपने माता-पिता को जानकारी दी। माता-पिता ने घर आकर फंदा खोलकर बेटी को उतारा और उपचार के लिए अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने पंचनामा कार्यवाही के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।