जबलपुर के चरगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत उमरिया गांव में खेतों की सुरक्षा के लिए बिछाई गई अवैध विद्युत लाइन की चपेट में आने से एक नाबालिग सहित दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों लोहे की सरिया लेकर पहाड़ी रास्ते से अपने गांव लौट रहे थे। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
एसडीओपी भगत सिंह गौठरिया के अनुसार 28 वर्षीय किशन ठाकुर 25 फरवरी को अपने रिश्तेदार 16 वर्षीय गोविंद के साथ लोहे की सरिया लेने गया था। दोनों सरिया लेकर जंगल के रास्ते पैदल वापस गांव लौट रहे थे। उमरिया गांव के समीप खेतों में जंगली सूअरों से फसल बचाने के लिए बिजली के तार बिछाए गए थे। अंधेरे और झाड़ियों के बीच से गुजरते समय दोनों अनजाने में करंटयुक्त तार की चपेट में आ गए और मौके पर ही गिर पड़े।
ये भी पढ़ें- बच्चों को जान से मारने की धमकी देकर महिला को बनाया बंधक, 11 दिन तक दुष्कर्म का आरोप, मामला दर्ज
सुबह खेत के पास से गुजर रहे ग्रामीणों ने दोनों को जमीन पर पड़ा देखा और तुरंत उन्हें उपचार के लिए चरगवां स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने प्रारंभिक परीक्षण के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही चरगवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि खेतों में जंगली जानवरों से फसल बचाने या शिकार के उद्देश्य से अवैध रूप से करंट प्रवाहित तार बिछाए गए थे। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उक्त विद्युत लाइन किसने और कब बिछाई। मामले में जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। दोनों मृतकों की मौत के सटीक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगी।