झारखंड से सूरत गुजरात जा रही 09040 धनबाद उधना एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक यात्री की चाकू से गोदकर हत्या करने के मामले में सोनम रघुवंशी से कनेक्शन निकला है। युवक की हत्या सोनम रघुवंशी के मामा गोविंद रघुवंशी ने की है। क्योंकि गोविंद की भांजी और दामाद के बीच कोर्ट में केस चल रहा था और वह भांजी के साथ पेशी पर जा जाकर परेशान हो चुका था और इसी बात से परेशान होकर उसने सोनम के पति की हत्या कर दी। इस सनसनीखेज हत्याकांड में जीआरपी ने आरोपी मामा ससुर को गिरफ्तार करते हुए से पूछताछ कर रही है
गौरतलब है कि जबलपुर रेलवे स्टेशन में दो दिन पहले 27 अक्टूबर को उधना एक्सप्रेस ट्रेन से एक यात्री को गंभीर हालत में उतारकर मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान यात्री शैलेंद्र हार्डिया की मौत हो गई थी, शैलेंद्र के शरीर पर 54 घाव मिले थे जो चाकू या अन्य धारदार हथियार से किए गए थे, शैलेंद्र ने मृत्यु पूर्व दिए बयान में अपने मामा ससुर गोविंद रघुवंशी पर हत्या करने के आरोप लगाए थे जिसके बाद जीआरपी पुलिस ने तत्काल एक्शन लेते हुए गोविंद की तलाश की और नर्मदापुरम से उसे गिरफ्तार कर लिया।
जीआरपी थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत के मुताबिक शैलेंद्र हार्डिया नर्मदापुरम पिपरिया बनखेड़ी का रहने वाला है, और पिपरिया में एक कोचिंग क्लास चलाता था जहां पर कोचिंग में पढ़ने वाली सोनम रघुवंशी से उसकी बातचीत शुरू हो गई दोनों एक दूसरे से प्रेम करने लगे इसी बीच सोनम की आरपीएफ में नौकरी लग गई जिसे सतना आरपीएफ में पोस्टिंग मिली। 2022 में सोनम रघुवंशी और शैलेंद्र हार्डिया ने जबलपुर आर्य समाज मंदिर से प्रेम विवाह किया लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही परिजनों के हस्तक्षेप के कारण उनके बीच विवाद होने लगा, जिसके बाद शैलेंद्र की पत्नी सोनम रघुवंशी ने उसके खिलाफ सतना आरपीएफ में बलात्कार और अपहरण का केस दर्ज कराया था