ग्वालियर के झांसी रोड थाना क्षेत्र में एक महिला द्वारा अपने पति को बॉयफ्रेंड की कार से कुचलने का मामला सामने आया है। इस घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया, लेकिन पुलिस ने इसे सामान्य एक्सीडेंट मानते हुए मामूली धाराओं में मामला दर्ज किया है। अब पीड़ित पति आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस थाने के चक्कर काट रहा है। उसका कहना है कि कहीं मेरठ जैसा कांड उसके साथ न हो जाए।
जानकारी के अनुसार तारागंज निवासी सुनील पाल ने पुलिस को शिकायत में बताया कि उसकी पत्नी का पिछले 12 साल से मंगल सिंह कुशवाहा नामक युवक के साथ अफेयर चल रहा है। वह कई बार पत्नी को वीडियो कॉल और व्हाट्सएप चैट पर मंगल सिंह से बात करते हुए पकड़ चुका है।
ये भी पढ़ें - संगीत विश्वविद्यालय में छात्रों का हंगामा, प्रोफेसर पर लगाए आपत्तिजनक बातें करने के आरोप
पत्नी बॉयफ्रेंड के साथ निकली, पति को कुचलने की कोशिश
सुनील के अनुसार, 20 मार्च को उसकी पत्नी पेट दर्द का बहाना बनाकर घर से निकली थी। शक होने पर जब उसने पीछा किया, तो पत्नी बॉयफ्रेंड मंगल सिंह कुशवाहा की कार में बैठी हुई मिली। जब सुनील ने कार रोकने का प्रयास किया, तो मंगल सिंह ने कार उसके ऊपर चढ़ा दी, जिससे वह बाल-बाल बच गया।
ये भी पढ़ें - पुलवामा से गायब लड़की की लोकेशन ग्वालियर मिली, बहन की तलाश में दो भाइयों ने एसपी से लगाई गुहार
पुलिस ने दर्ज किया मामूली मामला
सुनील ने इस मामले की शिकायत झांसी रोड थाने में की, लेकिन पुलिस ने इसे सामान्य एक्सीडेंट का मामला मानकर मामूली धाराओं में केस दर्ज किया। सुनील का कहना है कि यह हत्या के प्रयास का साफ मामला है और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। सीएसपी हेडक्वार्टर रॉबिन जैन का कहना है कि झांसी रोड थाने में एक्सीडेंट की शिकायत दर्ज की गई थी। आरोप है कि पत्नी के बॉयफ्रेंड ने पति को कार से टक्कर मारी। मामले में आरोपी के बयान लिए जाएंगे, सीसीटीवी फुटेज की जांच होगी और जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
क्या है मेरठ हत्याकांड
मेरठ में हाल ही में एक हत्याकांड सामने आया है, जिसमें मुस्कान नामक महिला ने अपने प्रेमी साहिल के साथ मिलकर अपने पति सौरभ की हत्या कर दी। उन्होंने सौरभ के शव को कई टुकड़ों में काटकर एक ड्रम में सीमेंट से भर दिया। हत्या के बाद, मुस्कान और साहिल छह दिनों तक हिमाचल प्रदेश के कसोल में रहे, जहां उन्होंने खुद को पति-पत्नी के रूप में प्रस्तुत किया। जांच में पता चला कि मुस्कान ने नशे की दवाएं एक मेडिकल स्टोर से खरीदी थीं, जिस पर अब छापेमारी की गई है। मुस्कान और साहिल को गिरफ्तार कर लिया गया है।