ग्वालियर के गिरवाई इलाके में जमीन खाली कराने गई पुलिस और प्रशासन की टीम पर भीड़ ने पथराव कर दिया। इसके बाद पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए भीड़ को खदेड़ा। इसका वीडियो अब सामने आया है।
जानकारी के अनुसार तहसीलदार न्यायालय ने एक जमीन पर बेदखली का आदेश जारी किया था। इसी आदेश का पालन कराने के लिए पुलिस और प्रशासन की टीम जेसीबी के साथ मौके पर पहुंची थी। बताया जा रहा है कि जमीन पर कुछ लोग मकान बनाकर रह रहे थे। जब प्रशासन की टीम अतिक्रमण हटाने पहुंची तो वहां मौजूद लोगों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। विरोध के दौरान विवाद बढ़ गया और भीड़ ने पुलिस और प्रशासन की टीम पर पथराव कर दिया। इसके बाद पुलिस ने स्थिति नियंत्रित करने के लिए बल प्रयोग किया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में भीड़ और पुलिसकर्मियों को एक दूसरे के साथ मारपीट करते हुए देखा जा सकता है।
धार में हुआ था पथराव
शनिवार को धार जिले की धरमपुरी तहसील के ग्राम सिरसोदिया में भी अतिक्रमण हटाने पहुंचे प्रशासनिक अमले पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया था। बताया जा रहा है कि कार्रवाई शुरू होते ही कुछ ग्रामीणों ने अचानक पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान धामनोद थाना प्रभारी प्रवीण ठाकरे सहित कुछ अन्य लोग घायल हो गए। पथराव में सरकारी वाहनों के कांच भी टूट गए। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल गांव भेजा गया। उस दिन मामला टल गया। दो दिन बाद पुलिस की भारी टीम के साथ प्रशासन ने अतिक्रमण हटा दिया था।