फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gwalior News: पत्नी के मायके जाने से नाराज दामाद कट्टा लेकर पहुंचा ससुराल, मशक्कत के बाद पुलिस ने पकड़ा

Fri, 31 Jul 2026 04:02 PM IST
ग्वालियर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, ग्वालियर

ग्वालियर में पत्नी के मायके जाने से नाराज एक दामाद का हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। आरोपी कट्टा लेकर अपनी ससुराल पहुंच गया और साले से विवाद के बाद फायरिंग कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी कट्टा लेकर घर की छत पर चढ़ गया और नीचे आने से इनकार कर दिया। करीब दो घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद पुलिस ने समझाइश देकर उसे नीचे उतारा, हथियार जब्त किया और हिरासत में ले लिया।

घटना तिघरा थाना क्षेत्र के सोजना गांव की है। पुलिस के अनुसार, गांव निवासी अरविंद गुर्जर ने सूचना दी कि उसके बड़े भाई का दामाद जोगेंद्र गुर्जर हथियार लेकर ससुराल पहुंचा है और विवाद कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।

ये भी पढ़ें- भोजशाला विवाद धार: नमाज स्थल बदलने पर नया विवाद, रहवासियों ने पेश किए पुश्तैनी हक के दावे; अब आगे क्या?

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि जोगेंद्र और उसकी पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद पत्नी अपने मायके आ गई थी। इसी बात से नाराज जोगेंद्र ससुराल पहुंचा और साले के साथ गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि विवाद के दौरान उसने कट्टे से एक फायर भी किया, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस के पहुंचते ही जोगेंद्र कट्टा लेकर घर की छत पर चढ़ गया और काफी देर तक नीचे उतरने से मना करता रहा। उसने पुलिस से कहा कि उसके ससुराल वाले उसके वैवाहिक जीवन में लगातार दखल देते हैं और पति-पत्नी के बीच मामूली विवाद होने पर भी उसकी पत्नी को मायके ले जाते हैं। इसी बात से वह नाराज था।

तिघरा थाना पुलिस ने आरोपी को शांत करने के लिए लगातार समझाइश दी। पुलिस ने उसे भरोसा दिलाया कि दोनों पक्षों को बैठाकर बातचीत के जरिए विवाद का समाधान कराया जाएगा। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद जोगेंद्र मान गया और छत से नीचे उतर आया। इसके बाद पुलिस ने उसके कब्जे से कट्टा जब्त कर लिया और उसे हिरासत में ले लिया। 

सीएसपी रोबिन जैन ने बताया कि आरोपी के खिलाफ फायरिंग और आर्म्स एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना में इस्तेमाल किया गया हथियार लाइसेंसी था या अवैध। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें