गुना जिले में मानस भवन की छत पर चढ़े युवक ने नीचे कूदकर जान दे दी। कई घंटे तक चले ड्रामे के के बाद युवक को बचाने की कोशिश की गई तो उसने छलांग लगा दी। युवक बिजली के तारों को पकड़ते हुए जमीन पर गिर पड़ा। नीचे गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां करीब एक घंटे के इलाज के बाद उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार 36 वर्षीय कालूराम लोधा कुशमौदा क्षेत्र का निवासी था, गुरुवार तड़के स्थानीय लोगों ने उसे मानस भवन की छत पर देखा। शुरू में किसी ने ध्यान नहीं दिया गया, लेकिन कुछ देर बात युवक अपशब्दों का प्रयोग करने लगा और नीचे कूदने की धमकी देने लगा। इसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह लगातार नीचे कूदने की धमकी देने लगा।
कुछ देर बात उसने अचानक छत से छलांग लगा दी और बिजली की तारों से टकराते हुए जमीन पर गिर पड़ा। गंभीर चोटों के कारण उसका चेहरा बुरी तरह से जख्मी हो गया। पुलिस ने उसे पास के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कालूराम की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। उसकी शादी हो चुकी थी, लेकिन मानसिक स्थिति खराब होने के कारण उसकी पत्नी उसे छोड़कर जा चुकी थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मर्ग कायम कर लिया है।