फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Guna News: कांग्रेस ने मधुसूदनगढ़ में निकाली किसान न्याय यात्रा, पांच अलग-अलग ट्रैक्टर चलाकर पहुंचे जयवर्धन

Sat, 21 Sep 2024 12:48 PM IST
गुना ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गुना

मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर गुना जिले की मधुसूदनगढ़ तहसील में किसान न्याय यात्रा निकाली गई। राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह और न्याय यात्रा प्रभारी दतिया विधायक राजेन्द्र भारती की अगुवाई में मधुसूदनगढ़ पहुंची इस न्याय यात्रा में जिले की सभी तहसीलों से किसान बड़ी संख्या में ट्रैक्टर लेकर पहुंचे। इसके बाद तहसील मुख्यालय पर एक सभा आयोजित की गई, जिसमें वक्ताओं ने भाजपा की केंद्र और राज्य सरकारों पर किसानों के साथ षड्यंत्र करने का आरोप लगाया। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि सोयाबीन का समर्थन मूल्य नहीं बढ़ाया जा रहा है, ताकि नरेंद्र मोदी के मित्र गौतम अडाणी को फायदा हो सके।

इससे पहले जिले के अलग-अलग गांवों से ट्रैक्टर पर सवार किसानों का हुजूम विभिन्न मार्गों से मधुसूदनगढ़ कस्बे के बाहर जमा हुआ। सोयाबीन का समर्थन मूल्य 6,000 रुपए और मक्का का समर्थन मूल्य 2,500 रुपए करने सहित किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर किए गए इस प्रदर्शन में गुना, बमौरी, चांचौड़ा, राघौगढ़, आरोन और कुंभराज तहसीलों के किसानों ने ट्रैक्टर रैली में हिस्सा लिया। सभा में विधायक जयवर्धन सिंह और बमौरी विधायक इंजीनियर ऋषि अग्रवाल ने भाजपा सरकार की जमकर आलोचना की। जयवर्धन सिंह ने कहा कि भाजपा ने 10 साल पहले किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था, लेकिन आज तक इसे पूरा नहीं कर सकी। उन्होंने कहा कि शिवराज सिंह चौहान ने भी किसानों को 4,800 रुपए का समर्थन मूल्य देकर निराश किया है। कांग्रेस ने यह फैसला किया है कि किसान इस बार 6,000 रुपए प्रति क्विंटल सोयाबीन का भाव लेकर ही रहेंगे।

भाजपा पर भ्रष्टाचार का लगाया आरोप
किसान न्याय यात्रा के दौरान कांग्रेस ने गुना और आसपास के जिलों में जिला सहकारी बैंकों की आर्थिक स्थिति पर भी चिंता जताई। जयवर्धन सिंह ने भाजपा पर किसानों को लूटने का आरोप लगाते हुए कहा कि गुना, चंदेरी, कोलारस और ग्वालियर की सहकारी बैंक शाखाओं में करोड़ों रुपए का भ्रष्टाचार हुआ है। कांग्रेस जल्द ही इन जिलों में बड़ा प्रदर्शन करेगी। भाजपा ने किसानों की मेहनत का पैसा गायब कर दिया है, इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

जयवर्धन सिंह ने चलाए किसानों के ट्रैक्टर
जयवर्धन सिंह ने किसानों का मनोबल बढ़ाने के लिए प्रदर्शन के दौरान पांच अलग-अलग किसानों के ट्रैक्टर भी चलाए। सबसे पहले उन्होंने टोडरा में कृषक जितेंद्र धाकड़ के ट्रैक्टर की स्टेयरिंग संभाली और परेवा तक पहुंचे। परेवा में जयवर्धन ने सुरेंद्र धाकड़ का ट्रैक्टर जामनेर तक चलाया। इसके बाद शिवम धाकड़ का ट्रैक्टर बायपास तक चलाकर ले गए। बायपास से झाझोन मंडल अध्यक्ष लक्ष्मण यादव के ट्रैक्टर को लेकर जयवर्धन सिंह मधुसूदनगढ़ पहुंचे। यहां आते ही उन्होंने किसान लाल सिंह का ट्रैक्टर चलाकर प्रदर्शन स्थल पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें