फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

MP: पांच किमी तक किया पीछा, पुलिस को देख ट्रैक्टर से कूदा ड्राइवर, फिल्मी स्टाइल में पकड़ी गई अवैध रेत

Fri, 12 Jun 2026 01:24 PM IST
दतिया ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दतिया

मध्य प्रदेश के दतिया जिले में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ पुलिस और रेत कंपनी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। इंदरगढ़-सेवढ़ा मार्ग पर रात्रि गश्त के दौरान अवैध रेत से भरे एक ट्रैक्टर को पकड़ने के लिए पुलिस को करीब पांच किलोमीटर तक पीछा करना पड़ा। घेराबंदी के बाद चालक चलते ट्रैक्टर से कूदकर खेतों की ओर भाग निकला, जबकि ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंती में पलट गया। पुलिस ने वाहन जब्त कर थरेट थाने में खड़ा करा दिया है। रात्रि गश्त के दौरान सामने आया मामला जानकारी के अनुसार जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन रोकने के लिए पुलिस लगातार रात्रि गश्त कर रही है। इसी क्रम में मंगलवार रात थरेट थाना क्षेत्र के चीना बंबा के पास पुलिस और रेत ठेकेदार की फ्लाइंग टीम संयुक्त रूप से गश्त कर रही थी। इसी दौरान इंदरगढ़ से सेवढ़ा की ओर जा रहे एक ट्रैक्टर पर टीम की नजर पड़ी। ट्रैक्टर ट्रॉली में रेत भरी हुई थी, जिस पर संदेह होने के बाद पुलिस ने चालक को रुकने का इशारा किया। पुलिस का इशारा मिलते ही चालक ने ट्रैक्टर की रफ्तार बढ़ा दी और मौके से भागने लगा। इसके बाद पुलिस और फ्लाइंग टीम की गाड़ियों ने उसका पीछा शुरू कर दिया। करीब पांच किलोमीटर तक पीछा करने के बाद पुलिस ने ट्रैक्टर को चारों ओर से घेर लिया। चलते ट्रैक्टर से कूदकर फरार हुआ चालक खुद को घिरता देख चालक ने चलते ट्रैक्टर से छलांग लगा दी और अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों की ओर भाग निकला। चालक के कूदते ही ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खंती में जाकर पलट गया। गनीमत रही कि घटना रात के समय हुई और सड़क पर कोई अन्य वाहन या राहगीर मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लिया। जांच के दौरान ट्रॉली में अवैध रेत भरी मिली। सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो हालांकि घटना मंगलवार रात की है, लेकिन इसका वीडियो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर सामने आया। वीडियो में पुलिस की गाड़ियां ट्रैक्टर का पीछा करती दिखाई दे रही हैं। वहीं चालक तेज रफ्तार में ट्रैक्टर भगाते हुए नजर आ रहा है। घेराबंदी के बाद उसके चलते ट्रैक्टर से कूदकर भागने का दृश्य भी वीडियो में कैद हुआ है। वीडियो सामने आने के बाद यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बन गया है। चालक और मालिक की तलाश जारी पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त कर थरेट थाने में खड़ा करा दिया है। वाहन के पंजीयन नंबर और अन्य दस्तावेजों के आधार पर चालक और मालिक की पहचान की जा रही है। क्या बोले एसडीओपी? सेवढ़ा एसडीओपी अजय चानना ने बताया कि अवैध रेत से भरे ट्रैक्टर को जब्त किया गया है। चालक मौके से फरार हो गया था। उसकी पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। दतिया जिले में सिंध और पहूज नदी से बड़े पैमाने पर अवैध रेत उत्खनन की शिकायतें लंबे समय से मिलती रही हैं। प्रशासन और पुलिस समय-समय पर अभियान चलाकर कार्रवाई करती है, लेकिन इसके बावजूद रात के अंधेरे में रेत माफिया सक्रिय रहते हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध उत्खनन और परिवहन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। इसके लिए रात्रि गश्त और निगरानी को और मजबूत किया जाएगा। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि अवैध रेत परिवहन के कारण सड़कों को नुकसान पहुंच रहा है और दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है। लोगों ने प्रशासन से इस तरह की गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाने की मांग की है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें