दमोह जिले के हटा में दो घंटे हुई झमाझम बारिश ने लोगों को परेशानी में डाल दिया। राय तिराहा, आजाद वार्ड, कमला नेहरू वार्ड, खचना नाका नवोदय वार्ड सहित कई इलाकों में घरों और दुकानों में बारिश का पानी भर गया। जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। वहीं नगर की सड़कें भी तालाब जैसी नजर आईं। गांधी वार्ड स्थित शासकीय स्कूल परिसर में भी जलभराव की बजह से स्कूली बच्चों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। नगर में बड़े नाले व नालियों से पानी की निकासी नहीं होने और जलभराव ने नगरपालिका की सफाई व्यवस्था और प्रशासन के दावों की पोल खोलकर रख दी।
ये भी पढ़ें- शिप्रा में फिर आई बाढ़ से रामघाट क्षेत्र में कई मंदिर जलमग्न, अब तक 34 इंच बारिश, आज भी यलो अलर्ट
बारिश से सबसे ज्यादा दिक्कत स्कूली छात्रों को हुई जो स्कूल से छुट्टी के बाद सकुशल घर तक नही पहुंच सके। घरों और दुकानों में पानी भरने से लोगों को काफी नुकसान भी हुआ। हजारी वार्ड में नवरात्र के लिए प्रतिमाओं का निर्माण कर रहे सुनील मूर्तिकार ने बताया बारिश के चलते नाली चोक हो गई, जिससे उनके घर में पानी भर गया। इससे हजारों रुपए की सामग्री का नुकसान हो गया। लोगों का आरोप है कि नालियों की साफ सफाई न होने से पानी घरों में भर गया और उनका गृहस्थी का सामान खराब हो गया। खचना नाका पुलिया के जलभराव से नवोदय वार्ड के दर्जनों घरों में पानी भर गया। लोगों का कहना है कि इस मार्ग से 20 से 25 गांव के ग्रामीणों का आवागमन होता है जलभराव से राहगीरों को समस्याएं होती हैं।
बता दें मौसम विभाग के अनुसार 17 से 21 सितंबर तक भारी बारिश की संभावना जताई है जिसका असर दिखाई देने लगा है। हटा के अलावा दमोह और पटेरा में भी बारिश हुई है। इस साल बारिश ने पिछले कई साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। औसतन बारिश से अधिक बारिश इस साल हो गई है और अब लोगों को चिंता सता रही है नव रात्रि में यदि पानी गिरेगा तो परेशानी बढ़ जाएगी।