दमोह नगर पालिका में स्लॉटर हाउस के मुद्दे पर चल रहे विवाद को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष मंजू वीरेंद्र राय ने अपनी बात रखी। शुक्रवार को प्रेस वार्ता में उन्होंने इस मामले में स्थिति स्पष्ट की। बता दें कि इस मामले में दो बार बैठक स्थगित हो चुकी है और विवाद बढ़ता जा रहा है।
नपा अध्यक्ष ने बताया कि पूर्व पार्षद मुस्लिम कुरैशी ने हाईकोर्ट में एक याचिका (पिटिशन) दायर की थी। कोर्ट ने स्लॉटर हाउस पर परिषद से अभिमत (राय) मांगा था। इसी के तहत परिषद में प्रस्ताव रखकर बैठक बुलाई गई थी। उन्होंने कहा कि नगर पालिका ने एक माह पहले ही हाईकोर्ट में अपना पक्ष रख दिया था। उन्होंने कहा कि वे न केवल दमोह बल्कि आसपास के क्षेत्रों में भी स्लॉटर हाउस के खुलने का विरोध करती हैं।
भाजपा पार्षदों का विरोध और पुतला दहन
25 फरवरी को आयोजित परिषद की बैठक में भाजपा पार्षदों ने बहिष्कार कर दिया। 27 फरवरी की बैठक में भाजपा पार्षदों और हिंदू संगठनों ने विरोध किया। उन्होंने नगर पालिका का पुतला भी फूंका। नपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा पार्षद जनता को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे इस मुद्दे का स्थायी समाधान चाहती हैं, लेकिन कोई उनकी बात सुनने को तैयार नहीं है। उनका कहना है कि परिषद स्लॉटर हाउस के विरोध में है, लेकिन कुछ पार्षद इसे राजनीतिक मुद्दा बना रहे हैं।
दो बार स्थगित हुई बैठक
25 फरवरी को आयोजित नगर पालिका परिषद की बैठक में भाजपा पार्षदों ने सबसे पहले स्लॉटर हाउस का मुद्दा उठाया। इसके बाद उपस्थिति रजिस्टर को लेकर भाजपा पार्षदों और नगर पालिका अध्यक्ष के बीच टकराव की स्थिति बन गई, जिसके चलते बैठक स्थगित कर दी गई। 27 फरवरी को पुनः बैठक आयोजित हुई, लेकिन हिंदू संगठनों ने विरोध करते हुए नगर पालिका में प्रदर्शन किया और पुतला जलाया। इसके बाद कलेक्टर के निर्देश पर बैठक स्थगित कर दी गई। इन्हीं सब बातों के जवाब देने के लिए नपा अध्यक्ष ने शुक्रवार को पत्रकार वार्ता कर अपनी बात रखी।