दमोह जिले की पथरिया विधानसभा से विधायक और पशुपालन मंत्री लखन पटेल का भंडारे में पूरियां बेलते हुए विडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में मंत्री पटेल पूरियां बेल रहे हैं, वहीं महिलाएं बुंदेली भजन गा रही है।
दरअसल, पथरिया विधानसभा के ग्राम बिलानी में मंगलवार को भगवान श्री कृष्ण का प्रगटन दिवस मनाया गया। हर साल की तरह इस साल भी यह कार्यक्रम आयोजित हुआ जिसमें मंत्री लखन पटेल भी शामिल हुए। कार्यक्रम में राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष डॉ रामकृष्ण कुसमरिया और संत, महात्मा भी शामिल हुए। रात में यह धार्मिक कार्यक्रम आयोजित हुआ और उपस्थित लोगों ने इसे संबोधित किया। कार्यक्रम में आसपास के करीब 100 गांव से लोगों का आना हुआ और रात को भंडारे का भी कार्यक्रम आयोजित हुआ। जिसमें मंत्री लखन पटेल द्वारा भंडारे कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करते हुए रसोइयों के साथ बैठकर पूरियां बनाई।
मंत्री पटेल की सादगी देख वहां मोजूद महिलाओं ने बुंदेली भजन गए, इसके बाद पूरियां बनाने का क्रम शुरू हुआ, इस दौरान लखन पटेल पूरे उत्साह के साथ पूरियां बेलते रहे। उन्होंने कहा कि बिलानी गांव में आयोजित इस कार्यक्रम में वह हर साल आते हैं, लेकिन इस बार जिस प्रकार से हजारों लोगों ने अपना सहयोग दिया यह वाकई काबिले तारीफ है। हमें मिलजुलकर ही ऐसे कार्यक्रम करने चाहिए तो उसकी भव्यता देखते ही बनती है।
पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष डॉक्टर रामकृष्ण कुसुमरिया ने कहा कि यह मंदिर तो बहुत ही विशाल है। दूर-दूर से लोग आते हैं, लेकिन मुख्य सड़क से मंदिर तक आने के लिए बहुत ही सकरा रास्ता है, लोगों को आने जाने में परेशानी होती है। इसलिए आप सभी से निवेदन है कि सभी लोग थोड़ी-थोड़ी सी अपनी जमीन मंदिर के लिए देकर रास्ता बनाने का प्रयास करें। कार्यक्रम में पन्ना, गुजरात सहित कई प्रदेश से संत विद्वान यहां पहुंचे। ग्राम बिलनी में भगवान श्री कृष्ण का भव्य मंदिर है जो की एक बहुत ही दार्शनिक क्षेत्र है। जिसमें भगवान की निराकार स्वरूप में पूजा होती है