फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Damoh News: घर से निकला युवक रातभर नहीं लौटा, सुबह खेत के कुएं में मिला शव; परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

Tue, 18 Aug 2026 04:52 PM IST
दमोह ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दमोह

दमोह के मगरोन थाना क्षेत्र के भीलोनी गांव में मंगलवार सुबह एक युवक का शव खेत में बने कुएं में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 38 वर्षीय जागेश्वर कुशवाहा के रूप में हुई है। वह सोमवार शाम अपने परिचित तुलसी कुशवाहा के साथ घर से निकला था, लेकिन रातभर वापस नहीं लौटा। सुबह कुएं में शव मिलने के बाद परिजनों ने तुलसी कुशवाहा, उसकी पत्नी और बेटे पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।

परिजनों के मुताबिक जागेश्वर सोमवार शाम तुलसी कुशवाहा के साथ घर से निकला था। देर रात तक उसके वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं हो सकी। जानकारी मिलने पर परिजन तुलसी के घर पहुंचे, जहां उन्हें बताया गया कि तुलसी का मोबाइल घर पर है, लेकिन वह खुद मौजूद नहीं है।

कुएं में शव देखकर ग्रामीणों ने दी सूचना
मंगलवार सुबह खेत की ओर गए ग्रामीणों ने कुएं में एक शव उतराता देखा। सूचना मिलते ही मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे और मगरोन थाना पुलिस को जानकारी दी। थाना प्रभारी वंदना गौर के निर्देश पर अजब धाम चौकी प्रभारी रघुवीर सिंह भी मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला गया। पहचान जागेश्वर कुशवाहा के रूप में हुई।

पढ़ें:  हाईवे बनाते समय जमीन से निकले ब्रिटिशकालीन सिक्के, 1913 में हुए थे जारी; जानें क्या है खास

परिजनों का आरोप- हाथ-पैर बांधकर कुएं में फेंका
मृतक के पुत्र देवेंद्र कुशवाहा ने तुलसी कुशवाहा और उसके परिवार पर पिता की हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों का आरोप है कि तुलसी, उसकी पत्नी द्रोपती और बेटे अभिषेक ने जागेश्वर के हाथ-पैर बांधकर उसे कुएं में फेंका। हालांकि, पुलिस जांच में आरोपों की पुष्टि होना अभी बाकी है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
मगरोन थाना प्रभारी वंदना गौर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी। पुलिस परिजनों के बयान, युवक के अंतिम बार साथ देखे जाने और घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें