फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chhindwara News: मंदिर पर हरा झंडा फहराने से हड़कंप, मूर्तियों पर भी डाला कपड़ा; पुलिस ने हटवाकर शुरू की जांच

Fri, 06 Mar 2026 04:10 PM IST
छिंदवाड़ा ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, छिंदवाड़ा

छिंदवाड़ा जिले के अमरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सोनपुर गांव में शुक्रवार सुबह एक मंदिर परिसर में हरा झंडा फहराने और प्रतिमाओं पर हरे रंग का कपड़ा डाले जाने की घटना सामने आने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सुबह जब ग्रामीणों ने मंदिर के गेट पर लगा झंडा देखा तो लोगों में आक्रोश और जिज्ञासा दोनों बढ़ गए। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और झंडा व कपड़ा हटवाकर जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार सोनपुर गांव अमरवाड़ा मुख्यालय से लगभग 18 किलोमीटर दूर स्थित है। शुक्रवार सुबह गांव के कुछ लोग जब मंदिर के सामने से गुजर रहे थे, तभी उनकी नजर मंदिर के मुख्य द्वार पर लगे हरे झंडे पर पड़ी। यह देखकर लोग रुक गए और जब मंदिर के भीतर जाकर देखा तो कुछ प्रतिमाओं के ऊपर भी हरे रंग का कपड़ा ढंका हुआ मिला।

ये भी पढ़ें- मार्च की शुरुआत में ही बढ़ी गर्मी, 35 डिग्री के पार पहुंचा पारा, तेज धूप से दिन में बढ़ी तपिश

सूचना मिलते ही गांव में जुटने लगी भीड़
घटना की जानकारी जैसे ही गांव और आसपास के इलाकों में फैली, बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर के पास एकत्रित होने लगे। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही अमरवाड़ा थाना पुलिस हरकत में आई और सुबह करीब 9:30 बजे पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने सबसे पहले मंदिर परिसर से झंडा और कपड़ा हटवाया और मौजूद लोगों को समझाइश देकर स्थिति को शांत कराया। समय रहते पुलिस के पहुंच जाने से कोई अप्रिय स्थिति नहीं बनी।

पुलिस प्रशासन अलर्ट, अतिरिक्त बल तैनात
घटना को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। छिंदवाड़ा के पुलिस अधीक्षक अजय पांडे ने मामले को गंभीरता से लेते हुए लाइन बल के साथ आसपास के थानों की पुलिस को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। एहतियात के तौर पर गांव और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी तरह की तनावपूर्ण स्थिति न बने।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है। मंदिर परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके अलावा ग्रामीणों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि मंदिर में झंडा और कपड़ा किसने लगाया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक फिलहाल क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण है और पुलिस की निगरानी बनी हुई है। जांच के बाद दोषियों की पहचान होने पर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें