छिंदवाड़ा पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत आज बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 लाख की अवैध शराब और 21 किलो गांजा तस्करी का भंडाफोड़ करते हुए शराब तस्करी के तीन और गांजा तस्करी में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले की जानकारी आज एसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।
छिंदवाड़ा कोतवाली पुलिस ने अवैध शराब परिवहन के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 91 बोतल महंगी अंग्रेजी शराब बरामद हुई है, जिसकी कीमत 3 लाख रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में पुनीत चाचडा, पायल रावल और ड्राइवर दिलीप कुमार शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो कारें भी जब्त की हैं, जिनकी कीमत 22 लाख रुपये है। आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है कि वे शराब कहां से लाए थे।
दरअसल कोतवाली पुलिस की उपनिरीक्षक शिखा पाठक के नेतृत्व मे भ्रमण कर रही पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि थुनिया भाट के आगे एक सफेद रंग की कार में तीन लोग अवैध शराब का परिवहन करके ला रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस ने घेराबंदी करके कार की तलाशी ली जिसमें तीन लाख रुपये की अवैध शराब जब्त की गई।
21 किलो गांजे के साथ पकड़ाया तस्कर
एक अन्य मामले में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर इमलीखेडा रिंग रोड पर घेराबंदी कर 21.143 किलोग्राम गांजा बरामद किया। पुलिस ने कार चालक बाबुला राउत को गिरफ्तार कर लिया है। बाबुला राउत रायपुर छत्तीसगढ़ का रहने वाला है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है कि वह गांजा कहां से लाया और कहां बेचने जा रहा था।