गैस लीक होने से अमरवाड़ा के पिपरिया राजगुरु में रविवार देर रात दो मकान में आग लग गई। घटना में मकान में रखें लाखों के गृहस्थी के सामान जलकर खाक हो गए। आग बुझाते समय यहां तीन लोग भी बुरी तरह से झुलस गए। अमरवाड़ा अस्पताल से छिंदवाड़ा अस्पताल रेफर किया गया है। अमरवाड़ा टीआई राजेंद्र धुर्वे ने बताया कि रविवार-सोमवार दरमियानी रात पिपरिया राजगुरु के रहने वाले राजेश वंशकार के मकान में गैस लीक होने से आग लग गई। देखते ही देखते आग पास ही के राजकुमार वंशकार के मकान तक पहुंच गई। दोनों ही मकान में आग फैल गई और यहां रखे लाखों के सामान जलकर खाक हो गए।
आग बुझाते समय तीन झुलसे
जिस समय आग लगी थी उसे समय परिवार के सदस्य सो रहे थे। तभी अचानक चिंगारी उठते देख परिवार के लोगों ने भी आग देखी और तत्काल शोर मचाना शुरू किया। इसके बाद तत्काल लोग आग बुझाने के लिए दौड़े फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी गई। आग बुझाते समय राजेश वंशकार, अनीता वंशकार और अभिषेक वंशकार आग में बुरी तरह से झुलस गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रधानमंत्री आवास योजना में मकान स्वीकृत करने की मांग
आगजनी की घटना के बाद दोनों पीड़ित परिवार गरीब परिवार से हैं और बैंड बाजा बजाकर अपने परिवार का भरण पोषण करते हैं। इनके मकान आवास योजना अंतर्गत स्वीकृत करने की मांग की गई है, ताकि कुछ राहत हो सके और परिवार में मुआवजा मिल सके।