बुरहानपुर में आंधी के साथ आई बारिश ने तबाही मचाते हुए बड़ा नुकसान कर दिया। यहां के तिलक वार्ड नम्बर 7 स्थित नया मोहल्ला में बरगद का एक पुराना पेड़ जोकि हनुमान मंदिर से लगा हुआ था वह जड़ों से उखड़ कर मंदिर पर ही गिर पड़ा। पेड़ काफी बड़ा होने के चलते उससे साथ लगा हनुमान मंदिर भी पूरी तरह से जमीन से उखड़ कर पीछे बनी दीवार से जा लगा। घटना में हनुमान मंदिर के साथ ही वहां रखी प्रतिमा भी क्षतिग्रस्त हो गई। यही नहीं, यह विशाल पेड़ उखड़कर पास की मरियम मस्जिद की दीवार से जा टिका, जिससे मस्जिद को भी हल्का सा नुकसान हुआ है और साथ लगे एक घर को भी क्षति पहुंची है।
गनीमत रही कि मस्जिद की दीवार से टिकने के चलते पेड़ साइड के घर पर गिरने से बच गया नहीं तो बड़ा हादसा हो जाता। फिलहाल किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। इधर पेड़ गिरने की सूचना मिलने पर स्थानीय नगर निगम का अमला भी मौके पर पहुंचा और दोपहर बाद इस विशाल पेड़ को वहां से हटाने का काम शुरू किया गया। वहीं नया मोहल्ला निवासी संजय सिंह ठाकुर के अनुसार यह बरगद, पीपल और नीम का पेड़ कई दिनों जड़ों से कमजोर होकर गिरने की कगार पर था। इसको लेकर उन्होंने अब तक 15 से 20 बार सीएम हेल्पलाइन पर इसकी शिकायत भी कर रखी थी। बावजूद इसके उनकी शिकायत पर अब तक कोई ध्यान नहीं दिया गया था, जिसका नतीजा यह हुआ कि आखिर यह पेड़ गिर गया। यदि दिन का समय होता तो यहां बच्चे खेलते रहते हैं, जिससे बड़ा नुकसान होता लेकिन इसके गिरने से हनुमान मंदिर की करीब 200 साल पुरानी मूर्ति और उनके घर के कुछ हिस्से को भी नुकसान पहुंचा है।
ये भी पढ़ें- आजाद समाज पार्टी की संकल्प यात्रा में विवाद, कथावाचकों को लेकर ये क्या बोल गए दामोदर यादव
इधर तिलक वार्ड के पार्षद प्रतिनिधि राकेश खत्री ने बताया कि इस विशाल पेड़ के गिरने से हनुमान मंदिर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुआ है। उन्होंने कहा कि पेड़ मस्जिद की दीवार से टिक गया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। खत्री के अनुसार, क्षेत्र के लोगों ने नगर निगम को शिकायतें की थीं, जिस पर नगर निगम ने समय-समय पर पेड़ की छंटाई भी करवाई थी । हालांकि क्षेत्र ने निवासी इसे पूरी तरह से कटवाना चाहते थे, लेकिन निगमकर्मी सिर्फ छंटाई करके वापस चले जाते थे। वहीं निगम के अतिक्रमण दस्ता प्रभारी संजय तिवारी के अनुसार पेड़ गिरने की सूचना पर अमला मौके पर पहुंचा है, और उस पेड़ को वहां से हटाने का काम जारी है।