फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Burhanpur: कई राज्यों के शोरूम से करोड़ों की चोरी करने वाली गैंग धराई, गूगल मैप से लोकेशन निकाल करते थे चोरी

Tue, 25 Feb 2025 12:43 PM IST
बुरहानपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बुरहानपुर

मध्यप्रदेश के बुरहानपुर में पुलिस ने गूगल मैप की मदद से शोरूम में चोरी करने वाली अंतरराज्यीय गैंग का भंडाफोड़ किया है। यह गैंग विभिन्न राज्यों में सिर्फ शोरूम को ही निशाना बनाती थी। बुरहानपुर के महिंद्रा और हुंडई कार शोरूम में इन्होंने 3.38 लाख रुपये की चोरी की थी। पुलिस ने तीन आरोपियों मेवालाल, कमलेश और अजय को गिरफ्तार किया है, जबकि चौथा आरोपी बाटा बेलदार फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

गूगल मैप से करते थे प्लानिंग
यह गैंग चोरी से पहले गूगल मैप और अन्य एप्स का उपयोग कर शोरूम की लोकेशन और बिल्डिंग की संरचना की पूरी जानकारी हासिल करती थी। ये लोग बाउंड्री की ऊंचाई, आसपास के इलाके और सुरक्षा उपायों का अध्ययन करके चोरी की योजना बनाते थे। आरोपियों के पास से 1.48 लाख रुपये नगद और चोरी में इस्तेमाल किए गए उपकरण भी बरामद किए गए हैं। पकड़े गए आरोपी अंतरराज्यीय गैंग के सदस्य हैं, जो महाराष्ट्र, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, गुजरात और पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों में शोरूम में चोरी कर चुके हैं। पूछताछ में खुलासा हुआ कि इनका एक लंबा आपराधिक इतिहास है और इनके 5-6 गिरोह विभिन्न राज्यों में सक्रिय हैं।

चोरी का तरीका और गिरफ्तारी
गैंग के सदस्य अलग-अलग शहरों में जाकर गूगल मैप और अन्य एप्स से लोकेशन की सर्चिंग करते थे। इसके बाद वे शोरूम की संरचना का बारीकी से अध्ययन कर चोरी की योजना बनाते थे। बुरहानपुर में महिंद्रा शोरूम में चोरी के मामले को सुलझाने के बाद पुलिस ने मेवालाल, कमलेश और अजय को गिरफ्तार किया, जिनमें से दो खंडवा और एक मंदसौर का रहने वाला है। फरार आरोपी बाटा बेलदार गुजरात का निवासी है। बुरहानपुर एसपी देवेंद्र पाटीदार ने बताया कि शिकारपुरा थाना क्षेत्र में हुई इस घटना को ट्रेस करने में सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर शोरूम और आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है और शोरूम मालिकों को भी सतर्क रहने की सलाह दी है।

कई राज्यों में कर चुके चोरियां 
गिरफ्तार आरोपियों में से एक मेवालाल उत्तराखंड में और दूसरा आरोपी गुजरात में पहले भी पकड़ा जा चुका है। यह गैंग अलग-अलग राज्यों में करोड़ों की चोरी कर चुकी है। पुलिस अब अन्य राज्यों में हुई चोरियों की जांच में भी जुटी है और जल्द ही इस गैंग के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी की उम्मीद है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें