फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Barwani News: बांधों से आ रहे पानी से लगातार बढ़ रहा नर्मदा का जलस्तर, खतरे के निशान से 8 मीटर ऊपर बह रहा पानी

Fri, 01 Aug 2025 05:22 PM IST
बड़वानी ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बड़वानी

मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले में नर्मदा नदी पर राजघाट स्थित ब्रिटिश काल में बना पुल इस समय जलमग्न हो चुका है। यहां 123.6 मीटर पर पुल का खतरे का निशान है, जिससे फिलहाल लगभग 8 मीटर ऊपर नर्मदा का जल इस समय बह रहा है। इसके साथ ही नर्मदा के ऊपरी हिस्से में बने डैम से छोड़े जा रहे लगातार पानी के चलते बड़वानी से सटे नर्मदा तटों पर नर्मदा में पानी बढ़ता ही जा रहा है। बता दें कि यह क्षेत्र सरदार सरोवर बांध के बेकवाटर से प्रभावित होता है।

इधर, खंडवा जिले के पुनासा ब्लॉक स्थित इंदिरा सागर बांध और ओम्कारेश्वर बांध से भी लगातार पानी छोड़ा जा रहा है। जिससे भी नर्मदा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। इसके चलते जिला प्रशासन के द्वारा सुरक्षा की दृष्टि से नर्मदा नदी के तटों पर इस समय लगातार मुनादी करवाई जा रही है।

बता दें कि इंदिरा सागर बांध और ओंकारेश्वर बांधों के रविवार से गेट खोलने से लगभग 12 हजार 440 क्यूमेक्स जल का निष्कासन नर्मदा में किया जा रहा है। इसके चलते नर्मदा नदी के किनारे के जलस्तर में बढ़ोतरी हो रही है। वहीं, मिली जानकारी के अनुसार आज शुक्रवार सुबह 9 बजे तक जिला प्रशासन द्वारा नर्मदा के घाटों और तटीय क्षेत्रों में जलस्तर बढ़ने की संभावना को देखते हुए सभी आवश्यक सुरक्षा उपायों को अपनाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके चलते नर्मदा नदी के किनारे के गांवों और बस्तियों में मुनादी कराई जा रही है और अधिकारियों द्वारा डूब प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी भी रखी जा रही है।

यही नहीं, इसके साथ ही जिला प्रशासन लगातार मुनादी के जरिये आम जनता से अनुरोध कर रहा है कि सुरक्षा की दृष्टि से मां नर्मदा के घाटों और तटीय क्षेत्रों से आमजन दूरी बनाए रखें। इधर मिली जानकारी के अनुसार इस समय बड़वानी के राजघाट का जलस्तर 133 मीटर बना हुआ है। यही हालत रही तो इसके और भी बढ़ते रहने की संभावना है। हालांकि प्रशासन अलर्ट रहकर पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें