जम्मू-कश्मीर में सड़क दुर्घटना में शहीद हुए आगर-मालवा जिले के ग्राम नरवल के 63 राष्ट्रीय राइफल्स बटालियन के नायक बद्रीलाल यादव का अंतिम संस्कार 6 नवंबर को उनके पैतृक गांव नरवल में राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। शहीद श्री यादव का पार्थिव शरीर सैन्य विमान द्वारा मंगलवार शाम 6:00 से 8:00 बजे इंदौर एयरपोर्ट लाया गया। कल 6 नवंबर को सुबह 9:00 बजे शहीद का पार्थिव शरीर आगर मालवा बस स्टैंड लाया जाएगा, इसके बाद उन्हें उनके पैतृक गांव नरवल ले जाया जाएगा। जहां, राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देशन में जिला प्रशासन द्वारा अंतिम संस्कार की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
उल्लेखनीय है कि 63 राष्ट्रीय राइफल्स बटालियन के सीएफएन बद्रीलाल यादव पिता स्व. हिरालाल यादव 4 नवंबर 2024 को राजौरी, जम्मू-कश्मीर में एक सड़क दुर्घटना में शहीद हो गए। शहीद बद्रीलाल यादव के परिवार में उनकी माता रूख्माबाई यादव, पत्नी निशा यादव, पुत्र पीयूष यादव और राजवीर यादव हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शहीद के निधन पर जताया शोक
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नायक बद्रीलाल यादव के निधन पर शोक व्यक्त किया है। अपने शोक संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा, "असमय काल कवलित हुए मध्यप्रदेश के आगर-मालवा जिले के लाल, ‘63 राष्ट्रीय राइफल्स’ में नायक के पद पर पदस्थ श्री बद्रीलाल यादव जी को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। दुःख की इस घड़ी में पूरा मध्यप्रदेश जवान के परिवार के साथ खड़ा है। बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने चरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।"