दिल्ली में हुए अग्निकांड के बाद लखनऊ में भी अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच शुरू कर दी गई है। इसी क्रम में फैजाबाद रोड स्थित हाईकोर्ट के सामने मौजूद Hotel Urban Inn और Hotel Solitaire में गाजीपुर फायर स्टेशन तथा लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के अधिकारियों ने संयुक्त निरीक्षण किया। जांच के दौरान होटलों में स्थापित फायर सेफ्टी उपकरणों, आपातकालीन निकास मार्गों, अग्निशमन यंत्रों, फायर अलार्म सिस्टम और अन्य सुरक्षा मानकों का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने यह भी देखा कि अग्नि सुरक्षा से संबंधित नियमों और मानकों का पालन किया जा रहा है या नहीं। अधिकारियों ने होटल प्रबंधन को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने और किसी भी कमी को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। निरीक्षण का उद्देश्य संभावित दुर्घटनाओं को रोकना और होटल में ठहरने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। प्रशासन का कहना है कि शहर के अन्य होटलों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में भी फायर सेफ्टी ऑडिट और निरीक्षण अभियान जारी रहेगा, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।