दुबग्गा थाना क्षेत्र के टांडखेड़ा गांव के लोगों ने क्षेत्र की बदहाल सड़क और जलनिकासी व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि हर बरसात में गांव की सड़कें घुटनों तक पानी में डूब जाती हैं, जिससे लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों के अनुसार, जलभराव के कारण सड़क पर कीचड़ का ढेर लग जाता है। इससे पैदल चलने वालों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार लोग फिसलकर चोटिल भी हो चुके हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों से सड़क निर्माण और जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बरसात के मौसम को देखते हुए जल्द से जल्द सड़क का निर्माण कराया जाए और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था की जाए, ताकि हर साल होने वाली इस परेशानी से लोगों को राहत मिल सके।