गुडंबा। इलाके में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में गुडंबा पुलिस नाकाम साबित हो रही है। ताजा मामला जानकीपुरम की केएल सिटी कॉलोनी का है, जहां सगाई समारोह में शामिल होने गए परिवार के बंद घर को चोरों ने निशाना बनाते हुए करीब 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पार कर दी। मूल रूप से जौनपुर निवासी शशांक शेखर मिश्र केंद्र व राज्य सरकार में पर्यावरण सलाहकार के रूप में कार्यरत हैं। शशांक ने बताया कि वह परिवार सहित 19 जून को भांजी की सगाई पर अपने पैतृक गांव गए थे। 22 जून को लौटने पर घर के दरवाजे और ताले टूटे मिले। पत्नी व बहू के करीब 10 लाख रुपये के सोने चांदी के जेवर और 20 हजार रुपये नकद चोरी हो गया था। दो बदमाशों ने की चोरी, सीसीटीवी में हुए कैद घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में दो बदमाश बाउंड्री फांदकर घर में घुसते दिखाई दिए हैं। दोनों ने अपने चेहरे को अंगोछे से छुपा रखा था। फुटेज में चोरों ने पहले भूतल के कमरे के दरवाजे को तोड़ने का प्रयास किया, फिर प्रथम तल पर बेटे-बहू के कमरे का ताला तोड़कर जेवर और नकदी समेट ली। इसके बाद नीचे के कमरों को भी खंगाला। घटना की सूचना पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्रीय लोगों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी है। इंस्पेक्टर गुडंबा अंजनी कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रथमिकी दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।