बीरबल साहनी पुरावनस्पति विज्ञान संस्थान की ओर से आयोजित होने वाले 'पृथ्वी 2026 फिल्म फेस्ट' को लेकर संस्थान के कमेटी रूम में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान फिल्म फेस्ट के उद्देश्य और कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के निर्देशक प्रो. महेश टक्कर ने कहा कि इस तरह का फिल्म फेस्ट पहली बार आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इसके माध्यम से लोगों को विकास की यात्रा, पर्यावरण संरक्षण और पृथ्वी से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों को समझने का अवसर मिलेगा। उनका कहना था कि फिल्में समाज में जागरूकता लाने का प्रभावी माध्यम हैं और यह आयोजन विज्ञान, प्रकृति तथा सतत विकास के प्रति लोगों को संवेदनशील बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। प्रेस वार्ता में संस्थान के अधिकारियों ने बताया कि फिल्म फेस्ट में विभिन्न विषयों पर आधारित फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा, जिनके माध्यम से पर्यावरण, जैव विविधता और सतत विकास से जुड़े संदेश आमजन तक पहुंचाए जाएंगे।