मोहनलालगंज नगर पंचायत अध्यक्ष राजेश कुमार रावत के बेटे के साथ विद्यालय में मारपीट का आरोप सामने आया है। छात्र बिरुरा गांव स्थित वृंदावन पब्लिक स्कूल में कक्षा छह में पढ़ता है। नगर पंचायत अध्यक्ष के अनुसार, सोमवार को छुट्टी के समय कुछ बच्चों के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि इसके बाद विद्यालय के हेड टीचर शिव मंगल छात्र को पकड़कर स्कूल के उस हिस्से में ले गए, जहां सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे थे। वहां छात्र की पिटाई की गई और उसके चेहरे पर कई घूंसे मारे गए, जिससे उसका दांत टूटने का भी आरोप है। घर पहुंचने पर छात्र ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद नगर पंचायत अध्यक्ष बेटे के साथ पीजीआई थाने पहुंचे और आरोपी शिक्षक के खिलाफ तहरीर दी। इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह के अनुसार, नगर पंचायत अध्यक्ष की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।