राजधानी के 500 परिषदीय विद्यालयों में स्मार्ट क्लास का संचालन नए शैक्षिक सत्र 2026-27 में निजी स्कूलों की तर्ज पर शुरू होगा। नए रूप में स्मार्ट क्लास का संचालन 1 अप्रैल से शुरू हो सके इसके लिए इसी सत्र में 900 शिक्षकों का प्रशिक्षण विशेषज्ञों के माध्यम से दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के अभी तक चार चरण पूरे कर लिए गए हैं। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि शहर के अलग-अलग सरकारी विद्यालयों 350 स्मार्ट बोर्ड राज्य परियोजना कार्यालय की ओर से दिए गए हैं और अन्य 150 विद्यालयों में निजी संस्थाओं की ओर से दिए गए हैं। स्मार्ट बोर्ड के माध्यम से पढ़ाई पिछले सत्र से ही शुरु हो गई थी, लेकिन शिक्षकों को इससे पढ़ाने में असहजता हो रही थी, अब विशेषज्ञों से प्रशिक्षण मिलने के बाद स्कूलों में स्मार्ट क्लास के संचालन और बेहतर ढंग से हो सकेगा। जिला एवं प्रशिक्षण संस्थान डायट पर प्राचार्य राम प्रवेश के नेतृत्व में विशेषज्ञ मंसूर अहमद, एसआरजी प्रीती सिंह व टेक्निकल टीम शिक्षकों को प्रशिक्षण दे रही है।