मड़ियांव और जानकीपुरम थाना क्षेत्रों में हुई दो अलग-अलग चोरी की वारदातों में चोर नकदी, जेवर, एलसीडी और दुकान का सामान समेट ले गए। दोनों मामलों में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है। मड़ियांव थाना क्षेत्र के राधा नगर, आईआईएम रोड स्थित किराये के कमरे में रहने वाले भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) कर्मी सूर्य प्रकाश शुक्ला और सूरज शुक्ला 29 जुलाई को अपने गांव गए थे। सोमवार सुबह पड़ोसियों ने फोन कर कमरे का ताला टूटा होने की सूचना दी। दोनों मौके पर पहुंचे तो कमरों का सामान बिखरा पड़ा था। सूर्य प्रकाश शुक्ला ने बताया कि उनके कमरे से 40 हजार रुपये नकद, एक मंगलसूत्र, एक जोड़ी बिछिया, एक जोड़ी पायल, एक अंगूठी और एक एलसीडी चोरी हो गई। वहीं सूरज शुक्ला के कमरे से 10 हजार रुपये नकद, एक जोड़ी बाला, एक जोड़ी पायल, एक अंगूठी और दो मंगलसूत्र गायब मिले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया। इंस्पेक्टर मड़ियांव शिवानंद मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। उधर, जानकीपुरम थाना क्षेत्र के अभिषेकपुरम निवासी गौरव अवस्थी की मुलायम सिंह तिराहा स्थित पान की दुकान भी चोरों के निशाने पर रही। देर रात चोर दुकान का ताला तोड़कर 12 हजार रुपये की नकदी के साथ करीब 65 हजार रुपये कीमत की सिगरेट व अन्य सामान चोरी कर ले गए। सुबह दुकान खुलने पर घटना की जानकारी हुई। इंस्पेक्टर जानकीपुरम विनोद तिवारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।