श्रावण मास के अवसर पर कस्बे स्थित श्री काशीश्वर महादेव मंदिर में सोमवार को डीसीपी दक्षिणी मो. मुश्ताक ने जलाभिषेक कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान शिव से क्षेत्र में सुख, समृद्धि और शांति की कामना की। इसके बाद डीसीपी मोहनलालगंज कस्बे में आयोजित अमरनाथ बाबा के विशाल भंडारे में पहुंचे, जहां उन्होंने एसीपी मोहनलालगंज आर.के. सिंह के साथ श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद ग्रहण किया और भक्तों को प्रसाद वितरित किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने उनका स्वागत किया। मंदिर परिसर में डीसीपी ने पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर कस्बे की कानून व्यवस्था और यातायात व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने बाजारों और प्रमुख चौराहों पर लगने वाले जाम की समस्या के प्रभावी समाधान के निर्देश दिए। साथ ही आगामी त्योहारों के मद्देनजर पुलिस गश्त बढ़ाने, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।