तेलीबाग, पीजीआई क्षेत्र में गोंडा की महिला नर्स प्रतिभा मिश्रा की मौत के मामले में पुलिस ने पीजीआई के नर्सिंग ऑफिसर विकास त्रिपाठी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मृतका की मां सुधा मिश्रा की तहरीर पर 24 जुलाई को उसके खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया गया था। गोंडा के तरबगंज थाना क्षेत्र के रामापुर गांव निवासी प्रतिभा मिश्रा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कजेमऊ में संविदा नर्स थीं। परिजनों के अनुसार, वह 8 जुलाई को वृंदावन योजना स्थित विकास त्रिपाठी के फ्लैट पर गई थीं। अगले दिन फ्लैट में उनका शव दुपट्टे के फंदे से लटका मिला था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की थी। पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान आरोपी विकास त्रिपाठी को शुक्रवार को मोहनलालगंज स्थित डीएलएफ गार्डन सिटी से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने बताया कि दोनों के बीच शादी को लेकर अक्सर विवाद होता था। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।